आगरा : कोर्ट में सिपाही पर हमला कर कैदी फरार…जानें पूरा मामला
आगरा। आगरा के दीवानी न्यायालय में बुधवार को पेशी पर लाए गए गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को सिपाही पर हमला कर चार लोग छुड़ाकर ले गए। हमले में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से दीवानी परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसएसपी थाना पुलिस सहित मौके पर पहुंचे। आरोपियों की तलाश में …
आगरा। आगरा के दीवानी न्यायालय में बुधवार को पेशी पर लाए गए गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को सिपाही पर हमला कर चार लोग छुड़ाकर ले गए। हमले में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से दीवानी परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसएसपी थाना पुलिस सहित मौके पर पहुंचे। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं। पूरे जिले में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद के लाइनपार क्षेत्र निवासी विनय श्रोत्रीय को बरहन पुलिस ने जेल भेजा था। बुधवार दोपहर को जेल से पेशी पर विनय को लाया गया था। एक सिपाही उसे कोर्ट में पेश करने के बाद ले जा रहा था, तभी चार लोग आए। इनमें से एक ने सिपाही के सिर पर ईंट मार दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को छुड़ा कर फरार हो गए।
सिपाही के घायल होने पर लोग जुट गए। मौके पर अधिवक्ता पहुंच गए। सूचना पर दीवानी सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी आ गए। उन्होंने गेट पर तलाशी की, लेकिन फरार आरोपी का पता नहीं चल सका। बाद में एसपी सिटी विकास कुमार और एसएसपी प्रभाकर चौधरी फोर्स के साथ पहुंचे। एसपी सिटी ने बताया कि सिपाही पर हमला कर मुल्जिम को छुड़ाया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया है।
दीवानी परिसर में सिपाही को घायल करने के बाद शातिर बदमाश ने रास्ते से एक राहगीर का मोबाइल फोन छीन लिया। जब पुलिस ने उस मोबाइल की लोकेशन निकाली तो आगरा-मथुरा मार्ग पर सिनर्जी अस्पताल के सामने एक पेट्रोल पंप के पास मिली। थाना सिकंदरा पुलिस ने पेट्रोल पंप के पास से मोबाइल जप्त कर लिया है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शातिर मथुरा की तरफ भागे हैं।
यह भी पढ़ें- लखनऊ : पुलिस मुठभेड़ में जख्मी दो बदमाश पुलिस कस्टडी से फरार…जानें क्या है मामला
