बरेली: जिला अस्पताल में जुआ खेल रहे थे कोतवाली के बदमाश, गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। कुछ दिन पहले रामपुर की जेल से छूटे कोतवाली के टॉप-10 बदमाश और उसके साथी को पुलिस ने जिला अस्पताल में जुआ खेलते समय घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस को देखकर बाकी लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस को आरोपियों के पास से तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपियों पर बरेली के …
बरेली, अमृत विचार। कुछ दिन पहले रामपुर की जेल से छूटे कोतवाली के टॉप-10 बदमाश और उसके साथी को पुलिस ने जिला अस्पताल में जुआ खेलते समय घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस को देखकर बाकी लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस को आरोपियों के पास से तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपियों पर बरेली के साथ ही दिल्ली और रामपुर में भी मामले दर्ज हैं।
इंस्पेक्टर कोतवाली हिमांशु निगम ने बताया कि सोमवार की रात उन्हें सूचना मिली की कोतवाली का टॉप-10 बदमाश अंकित यादव कुछ दिनों पहले ही रामपुर की जेल से छूटकर आया है और वह जिला अस्पताल परिसर में दोस्त के साथ घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे और उसके साथी अनुज यादव को दबोच लिया। पुलिस को उनके पास से तमंचे और कारतूस बरामद हुए है। इंस्पेक्टर कोतवाली हिमांशु निगम ने बताया कि अंकित पर अलग -अलग जगहों पर 40 मामले दर्ज हैं। वहीं उसके साथी अनुज यादव पर भी कई मामले दर्ज हैं। इससे पहले अंकित और अनुज कई बार अलग -अलग मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस टीम पर छोड़ देता था कुत्ते
अंकित बिहारीपुर का रहने वाला है। उसने कुछ साल पहले कुत्ते पाल रखे थे। पुलिस जब भी उसके यहां दबिश देने जाती थी तब अंकित उन पर कुत्ते छोड़ देता था। इसके चलते पुलिस की टीम कई बार उसे बिना गिरफ्तार किए लौट आई थी। अंकित और उसके गैंग के लोग बात -बात पर गोली चला देते हैं। वह कई बार बिहारीपुर में लोगों पर गोली चला चुके हैं। इसके साथ ही उन्हें जेल जाने से डर नहीं लगता। जेल में रहने वाले कुछ लोगों का कहना है कि वह वहां पर भी वसूली कर लेते हैं।
पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तमंचे बरामद हुए हैं। उन लोगों पर जिले के साथ -साथ जिले के बाहर भी कई मामले दर्ज हैं।-हिमांशु निगम, इंस्पेक्टर कोतवाली।
ये भी पढ़ें- बरेली: निवेश मित्र पर रजिस्ट्रेशन कराएं व्यापारी, इन सुविधाओं का मिलेगा लाभ
