Sri Lanka Crisis : अब रानिल विक्रमसिंघे के खिलाफ श्रीलंका में बवाल, सैन्य बल कार्रवाई में एक महिला सहित 14 लोग घायल
कोलंबो। श्रीलंका में रानिल विक्रमसिंघे को राष्ट्रपति चुने जाने के बाद सरकार विरोधी प्रदर्शन और तेज हो गए हैं। देश को नया राष्ट्रपति मिलने के बाद श्रीलंकाई सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रपति सचिवालय से हटा दिया। वहीं शुक्रवार को अनुभवी राजनेता दिनेश गुणवर्धने को श्रीलंका का नया प्रधानमंत्री नियुक्त कर दिया गया …
कोलंबो। श्रीलंका में रानिल विक्रमसिंघे को राष्ट्रपति चुने जाने के बाद सरकार विरोधी प्रदर्शन और तेज हो गए हैं। देश को नया राष्ट्रपति मिलने के बाद श्रीलंकाई सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रपति सचिवालय से हटा दिया। वहीं शुक्रवार को अनुभवी राजनेता दिनेश गुणवर्धने को श्रीलंका का नया प्रधानमंत्री नियुक्त कर दिया गया है। श्रीलंका में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने रानिल विक्रमसिंघे को नए राष्ट्रपति के रूप में स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने विक्रमसिंघे को देश के अभूतपूर्व आर्थिक और राजनीतिक संकट के लिए आंशिक रूप से जिम्मेदार ठहराया।
श्रीलंका में रानिल विक्रमसिंघे के खिलाफ राष्ट्रपति भवन के नजदीक प्रदर्शन कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए शुक्रवार को सुरक्षा बलों और पुलिस की कार्रवाई में एक महिला सहित 14 लोग घायल हो गये। प्रदर्शनकारियों को गालेफेस ग्रीन से हटाने के लिए सुरक्षा बलों की कार्रवाई में नौ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार भी किया गया। सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ सैन्य बलों की कार्रवाई पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय और एजेंसियों ने आपत्ति जताई है। सरकार की ओर से सुरक्षा बलों को प्रशासनिक डिस्ट्रिक में कानून-व्यवस्था बनाने के निर्देश दिये गये थे जिसके तहत प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सैन्य और पुलिस बल ने कड़ी कार्रवाई की।
इसी बीच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में अमेरिकी राजदूत जूली चुन ने आधी रात में गाले फेस में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ श्रीलंकाई सुरक्षाकर्मियों द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में गहरी चिंता व्यक्त की। चुन ने ट्विटर पर अधिकारियों से संयम बरतने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने की मांग की। राजदूत चुंग ने शुक्रवार को ट्वीट किया, “आधी रात में गाले फेस में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में बहुत चिंतित हूं। हम अधिकारियों से संयम बरतने और घायलों के लिए तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह करते हैं।
