लखनऊ: लॉरेंस बिश्नोई का शार्प शूटर बताकर मांगा दस लाख, पुलिस ने किया गिरफ्तार
लखनऊ। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को अंजाम देने वाले व अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाले कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के शार्प शूटर गोल्डी बराड़ के नाम से लखनऊ के सरोजनी नगर के सर्राफा कारोबारी से 10 लाख रुपए रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। रंगदारी मांगने वाले को …
लखनऊ। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को अंजाम देने वाले व अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाले कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के शार्प शूटर गोल्डी बराड़ के नाम से लखनऊ के सरोजनी नगर के सर्राफा कारोबारी से 10 लाख रुपए रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। रंगदारी मांगने वाले को पुलिस ने जब गिरफ्तार किया तो आरोपी मोबाइल दुकान संचालक निकला। गिरफ्तार आरोपी ट्रांसपोर्ट नगर निवासी संजय दास को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
सरोजनी नगर कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार आर्य ने बताया कि गत 7 जुलाई को स्कूटर इंडिया चौराहे पर स्थित मां अन्नपूर्णा ज्वेलर्स के मालिक जितेंद्र काे अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि ‘कनाडा से गोल्डी बराड़ का दाहिना हाथ बोल रहा हूं। जान की सलामती चाहते हो तो 10 लाख रुपये पहुंचा दो।’ कॉल के बाद सर्राफा व्यापारी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। कॉल किये गये नंबर को सर्विलांस पर रखा गया था। साइबर सेल की मदद से एलडीए कॉलोनी के सेक्टर-एफ में टीपी नगर में किराये के मकान में रहने वाले संजय दास को गिरफ्तार किया गया।
पहले फर्जी आईडी बनाई फिर आवाज बदलकर दी थी धमकी
गिरफ्तार आरोपी संजय दास ने बताया कि वह मूलरूप से बिहार के वैशाली नारीकला खुर्द गांव का रहने वाला है। वर्ष 2012 से लखनऊ में बसा और डेढ़ माह से टीपी नगर में किराये के मकान में रह रहा था। मेरी ट्रांसपोर्ट नगर में मोबाइल की दुकान है। वह मोबाइल अप्लीकेशंस का अच्छा जानकार है। यू ट्यूब से उसे कॉल वायस बदलने की एक अप्लीकेशन के बारे में पता चला था।
इसी अप्लीकेशन की मदद से आवाज बदलकर उसने गत 7 जुलाई को मां अन्नपूर्णा ज्वेलर्स के मालिक से गोल्डी बराड़ के नाम से रंगदारी मांगी थी। इसके लिए हिन्दी टू वे और टेक्स्ट नाउ नामक अप्लीकेशंस का इस्तेमाल किया था। उसने फर्जी आईडी से 40 हजार रुपये में इस साफ्टवेयर को खरीदा था। इससे वह व्हाट्सअप पर आसानी से फेक आईडी बनाकर लोगों को फर्जी कॉल करता था।
सर्राफा कारोबारी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। टीपी नगर निवासी आरोपी मोबाइल दुकान चलाता है। साफ्टवेयर की मदद से उसने आवाज बदलकर कारोबारी से रंगदारी मांगी थी। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास के बारे में पता लगा रही है…अपर्णा रजत कौशिक, डीसीपी मध्य लखनऊ।
यह भी पढ़ें:-ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने किया खुलासा, दो हत्यारोपी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
