कानपुर : तेज बारिश से किसानों के चेहरे खिले, जलभराव से घरों में कैद हुए शहर के लोग
कानपुर, अमृत विचार। उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बुधवार को बड़ी राहत मिली। सुबह 11 बजे शुरू हुई बारिश आधे घंटे के बाद तो बंद हो गई, लेकिन 12 बजे जब दोबारा शुरू हुई तो बदरा खूब बरसे। करीब दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इसके बाद फिर रुक रुक कर बारिश होती …
कानपुर, अमृत विचार। उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बुधवार को बड़ी राहत मिली। सुबह 11 बजे शुरू हुई बारिश आधे घंटे के बाद तो बंद हो गई, लेकिन 12 बजे जब दोबारा शुरू हुई तो बदरा खूब बरसे। करीब दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इसके बाद फिर रुक रुक कर बारिश होती रही। इस वजह से नाले ओवरफ्लो हो गए। सड़कों और मोहल्लों में पानी भर गया। शास्त्री नगर, गोविंद नगर, ग्वालटोली आदि इलाकों में तो लोगों के घरों में पानी भर गया। घरों के बाहर खड़ी कारें भी डूब गईं। पानी भरे होने के कारण लोग घंटों घरों में कैद रहे।
वीआइपी रोड पर दो घंटे से अधिक समय तक जाम रहा। 60 मिलीमीटर तक बारिश हुई। 10 अगस्त तक बारिश होने के संकेत चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक सुनील पांडेय ने दिए हैं।
झमाझम बारिश के कारण जूही पुल के नीचे पानी भर गया। इससे आवागमन पांच घंटे तक प्रभावित रहा। पानी इतना था कि कोई बस भी उसके अंदर से नहीं जा सकती थी। यही वजह है कि जिन्हें किदवई नगर, नौबस्ता, परमपुरवा या जूही की ओर जाना था वे या तो जरीब चौकी से फजलगंज होते हए गए या फिर टाटमिल होते हए। यही वजह है कि टाटमिल चौराहा, गोविंदनगर में जबरदस्त जाम लगा।
वीआइपी रोड पर भी पानी भर गया। सीसामऊ नाला भी ओवरफ्लो कर गया। ग्वालटोली, खलासी लाइन में लोगों के घरों में पानी भर गया तो सर्वोदय नगर, शारदा नगर, गीता नगर में भी लोगों के घरों में पानी भरा। इससे लोग परेशान रहे। शास्त्री नगर, विजय नगर में भी घरों और दुकानों में पानी घुस गया। यही स्थित नवीन मार्केट की भी रही। किदवई नगर, लालबंगला, यशोदानगर, साकेत नगर, बर्रा, मेहरबान सिंह का पुरवा आदि इलाकों में भी सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ।
यह भी पढ़ें –बहराइच : साहब हमारा खाद्यान्न भी खा गया कोटेदार…ऐसा लगाया आरोप
