बिजनौर : घर में चारपाई पर सो रही छह माह की बच्ची को उठा ले गया गुलदार, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बढ़पुर(बिजनौर),अमृत विचार। बढ़पुर क्षेत्र के गांव नूरपुर अरब में घर के आंगन में सो रही छह माह की बच्ची को गुलदार उठा ले गया। परिजनों की सूचना पर गांव पहुंची वन विभाग व पुलिस टीम ने जंगलों में बच्ची की तालाश की। लेकिन, बच्ची का कुछ पता नहीं चल सका। घटना से ग्रामीणों में दहशत …

बढ़पुर(बिजनौर),अमृत विचार। बढ़पुर क्षेत्र के गांव नूरपुर अरब में घर के आंगन में सो रही छह माह की बच्ची को गुलदार उठा ले गया। परिजनों की सूचना पर गांव पहुंची वन विभाग व पुलिस टीम ने जंगलों में बच्ची की तालाश की। लेकिन, बच्ची का कुछ पता नहीं चल सका। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

गांव नूरपुर अरब निवासी महबूब की पुत्री फिरोजा की शादी जीतपुर पडली निवासी अरशद के साथ करीब दो वर्ष पहले हुई थी। विवाहिता करीब एक वर्ष पहले से ही  मायके आई हुई थी। शुक्रवार रात फिरोजा व उसकी बेटी सिदरा घर के आंगन में सो रही थी। रात करीब दो बजे फिरोजा ने सिदरा को दुध पिलाया था। इसके बाद अचानक फिरोजा की नींद खुली तो उसकी छह माह की बेटी सिदरा चारपाई से गायब थी। फिरोजा ने सिदरा के बारे में परिजनों से पता किया तो किसी को भी सिदरा का पता नही था। इसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना डायल 112 को दी।

मौके पर पुलिस के पहुंचने के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस व ग्रामीणों के साथ पास के गन्ने के खेतों में खोजबीन की तो खेत में मांस का टुकड़ा व खून के निशान मिले। साथ ही खेत में गुलदार के पैरों के भी निशान मिले । ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग व पुलिस को दी।

वन विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तालाश की। लेकिन , घंटों बीत जाने के बाद भी बच्ची का कोई भी पता नहीं चल पाया। गुलदार के खौफ से ग्रामीणों में दहशत है। बढ़ापुर के रेंज अधिकारी कपिल कुमार ने बताया कि बच्ची की तालाश गन्ने के खेतों में की जा रही है। प्रभागीय वनाधिकारी नजीबाबाद मनोज कुमार शुक्ला ने बताया कि बच्चों को खेतों में न जाने दें तथा शौच के लिए इकठ्ठे जाए।

यह भी पढ़ें :बिजनौर : मंदिर के पुजारी की पीट-पीट कर हत्या, हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस