देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 189094 हुई, रिकवरी दर 47.62 फीसदी
नई दिल्ली। भले ही भारत कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के सर्वाधिक मामलों वाले देशों की सूची में सातवें स्थान पर आ गया है और अब संक्रमितों की संख्या 1.90 लाख के करीब पहुंच गयी है। राहत की बात यह है कि स्वस्थ होने वालों की संख्या में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है तथा लोगों के …
नई दिल्ली। भले ही भारत कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के सर्वाधिक मामलों वाले देशों की सूची में सातवें स्थान पर आ गया है और अब संक्रमितों की संख्या 1.90 लाख के करीब पहुंच गयी है। राहत की बात यह है कि स्वस्थ होने वालों की संख्या में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है तथा लोगों के स्वस्थ होने की दर रविवार को 47.62 फीसदी पहुंच गयी जबकि मृत्यु दर केवल 2.83 प्रतिशत रही।
शनिवार को संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 46.88 फीसदी जबकि मृत्यु दर केवल 2.84 प्रतिशत रही थी। शुक्रवार को संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की दर 42.88 फीसदी थी जबकि मृत्यु दर केवल 2.83 फीसदी थी। इससे पहले गुरुवार को संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की दर 42.60 फीसदी थी जबकि मृत्यु दर 2.85 फीसदी थी।
‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के 189094 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। आज सुबह यह संख्या 182143 थी। अब तक कुल 90056 मरीज स्वस्थ हुये हैं जबकि 5358 लोगों की मौत हो चुकी है। अन्य 93672 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। देश में कोरोना वायरस (कोविड 19) की महामारी ने पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे ज्यादा कहर बरपाया है तथा एक दिन में सर्वाधिक 8380 नये मामले सामने आए हैं जबकि इसी अवधि में 193 लोगों की मौत हुई है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इसके संक्रमण से अब तक 182143 लोग प्रभावित हुए हैं तथा 5164 लोगों की मौत हुई है। देश में एक दिन में 4614 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं जिससे इस बीमारी से निजात पाने वाले लोगों की संख्या 86984 हो गयी है।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने अब तक देश में कोरोना की कुल 37,37,027 जांच की हैं और पिछले 24 घंटे में कोरोना की 1,25,428 जांच हुई हैं।
महाराष्ट्र इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 2487 नये मामले सामने आये हैं और 89 लोगों की मौत हुई है जिसके साथ ही राज्य में इससे प्रभावित होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 67655 तथा इस जानलेवा विषाणु से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2286 हो गयी है। इस दौरान राज्य में 1248 लोग रोगमुक्त हुए है जिससे स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 29329 हो गयी है।
कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु दूसरे नंबर पर है, जहां संक्रमितों की संख्या 22 हजार से अधिक हो चुकी है। यहां अब तक 22333 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 176 लोगों की मृत्यु हुई है जबकि 12757 लोगों को उपचार के बाद विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
कोरोना के कारण राष्ट्रीय राजधानी की भी स्थिति काफी चिंताजनक बनी हुई है और देश में दिल्ली संक्रमितों की संख्या के मामले में तीसरे स्थान पर है। दिल्ली में 19844 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 473 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 8478 मरीजों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।
कोविड-19 से प्रभावित होने के मामले में देश का पश्चिमी राज्य गुजरात चौथे नंबर पर है। गुजरात में अब तक 16356 लोग इससे संक्रमित हुए हैं तथा 1007 लोगों ने जान गंवाई है। इसके अलावा 9232 लोग इस बीमारी से उबरने में कामयाब हुए हैं।
राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां इससे संक्रमितों की संख्या 8693 हो गयी है तथा 194 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5772 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं। मध्य प्रदेश में 7891 लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं तथा 343 की इससे मौत हो गयी है जबकि 4444 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में अब तक 7701लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं तथा 213 लोगों की मौत हुई है जबकि 4651 लोग इससे ठीक हुए हैं। पश्चिम बंगाल में 5501 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 317 लोगों की मौत हो चुकी है और अब तक 2157 लोग ठीक हुए है। तेलंगाना में अब तक कोरोना से 2499 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 77 लोगों ने इसके कारण जान गंवाई है। इसके अलावा यहां 1412 लोग अब तक इस बीमारी से ठीक हुए हैं।
दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश में 3571 और कर्नाटक में 3221 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इन राज्यों में इससे मरने वालों की संख्या क्रमश: 62 और 51 है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2446 हो गई है और 28 लोगों की मृत्यु हुई है। बिहार में कुल 3807 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 21 लोगों की मौत हुयी है जबकि पंजाब में अब तक 2263 संक्रमित हुए हैं और 45 लोगों की मौत हुई है।
इसके अलावा हरियाणा में 20, केरल में 10, ओडिशा में नौ, हिमाचल प्रदेश में छह, झारखंड और उत्तराखंड में पांच-पांच, असम और चंडीगढ़ चार-चार तथा छत्तीसगढ़ और मेघालय में इस महामारी से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। देश में कोरोना वायरस ‘कोविड-19′ के संक्रमण के मामले जर्मनी और फ्रांस से अधिक हो गये हैं और इस महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत आज सातवें स्थान पर पहुँच गया।
