अयोध्या: विद्यालय नहीं बीएसए दफ्तर में दो माह से हाजिरी लगा रहे हैं 95 शिक्षक, जानें वजह
अयोध्या। गैर जनपद से स्थानांतरित होकर जिले में आए 95 शिक्षकों की तैनाती दो माह बाद भी स्कूलों में नहीं हो सकी है। यह शिक्षक बीएसए कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। विद्यालय आवंटन न होने से जहां कुछ शिक्षक परेशान हैं वहीं कई शिक्षक हाजिरी लगा कर घर को लौट जा रहे …
अयोध्या। गैर जनपद से स्थानांतरित होकर जिले में आए 95 शिक्षकों की तैनाती दो माह बाद भी स्कूलों में नहीं हो सकी है। यह शिक्षक बीएसए कार्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। विद्यालय आवंटन न होने से जहां कुछ शिक्षक परेशान हैं वहीं कई शिक्षक हाजिरी लगा कर घर को लौट जा रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग में कुछ माह पहले शिक्षकों के अंतर जनपदीय स्थानांतरण हुए थे।
अयोध्या के आसपास के जिले के रहने वाले करीब 95 शिक्षकों ने अपना स्थानांतरण करीब दो माह पहले जिले में लिया था। इसमें 34 पुरुष व 61 महिला शिक्षक शामिल हैं। यह शिक्षक अब तक विद्यालय आवंटित नहीं होने से परेशान हैं। यह शिक्षक बीएसए कार्यालय में रखे गए उपस्थिति रजिस्टर में अपनी हाजिरी प्रतिदिन लगाते हैं और इसके बाद घर लौट जाते हैं। बता दे कि अभी यहां शिक्षकों का समायोजन भी ठंडे बस्ते में पड़ा है।
इसके लिए शासन ने सभी स्कूलों में तैनात शिक्षक, तैनाती का समय, विद्यालय में पंजीकृत छात्रों आदि की सूचनाएं मांगी गई थीं जो अभी तक नहीं भेजी गई है। बीएसए संतोष कुमार राय ने बताया कि गैर जनपद से आए शिक्षकों को जल्द ही विद्यालय आवंटित किए जाएंगे। इसकी तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि एकल विद्यालयों में इन्हें तैनाती देने के कारण विलम्ब हुआ है। सूची बन गई है, शीघ्र ही स्कूल आवंटित कर दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:-प्रयागराज: शिक्षक भर्ती के अवशेष पैनल में चयनित अभ्यर्थियों ने की विद्यालय आवंटन की मांग
