अयोध्या : डीएम के सामने ब्लैक बोर्ड पर झटपट सवाल हल कर तीन छात्राएं पुरस्कृत
अमृत विचार, अयोध्या। डीएम नितीश कुमार ने कंपोजिट विद्यालय सहादतगंज (द्वितीय), अमर शहीद दिलीप सिंह कंपोजिट विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय अबुसराय का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के शैक्षिक स्तर को जाना व परिसर में साफ-सफाई, भवनों की रंगाई-पुताई व स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने ब्लैक बोर्ड पर बच्चों से गणित के …
अमृत विचार, अयोध्या। डीएम नितीश कुमार ने कंपोजिट विद्यालय सहादतगंज (द्वितीय), अमर शहीद दिलीप सिंह कंपोजिट विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय अबुसराय का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के शैक्षिक स्तर को जाना व परिसर में साफ-सफाई, भवनों की रंगाई-पुताई व स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने ब्लैक बोर्ड पर बच्चों से गणित के सवाल हल कराए। तीन छात्राओं के प्रदर्शन से खुश होकर नितीश कुमार ने स्टेशनरी गिफ्ट की।
डीएम ने सर्वप्रथम कंपोजिट विद्यालय सहादतगंज का निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षा 5 की छात्राओं काजल यादव, साक्षी, स्वाति, प्रियंका, समरीन सलमानी व कक्षा चार की छात्रा अर्पिता, कक्षा आठ की छात्रा कुमकुम सहित विभिन्न कक्षाओं के बच्चों से उनकी कक्षा की हिंदी, सामाजिक विषय, अंग्रेजी आदि की पुस्तकों के पाठों को पढ़वाकर, पहाड़ा व गणित के सवालों को ब्लैक बोर्ड पर लगवा कर उनके शैक्षिक स्तर एवं विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को परखा।
इस दौरान कक्षा 5 की तीन छात्राओं काजल यादव, प्रियंका व समरीन सलमानी द्वारा सभी विषयों के पाठों को बेहतर ढंग से पढ़े जाने, पहाड़ा सुनाने, गणित के सवालों को सही ढंग से हल किए जाने व इनका शैक्षिक स्तर कक्षा के शैक्षिक स्तर के अनुरूप पाए जाने पर जिलाधिकारी ने तीनों छात्राओं को ज्योमिट्री बॉक्स, पेंसिल, कटर, आर्ट की कॉपी, पेंसिल/स्केज कलर आदि की किट प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान किया। सभी बच्चों को नियमित विद्यालय आने व खूब मेहनत कर पढ़ने हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने शिक्षकों को समस्त कक्षाओं के बच्चों को शैक्षिक स्तर के अनुरूप विभाजित कर उनके शैक्षिक स्तर के अनुसार शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए।
शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के दिए निर्देश
बेहतर व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के दृष्टिगत शिक्षकों की कार्यशाला आयोजित कर उन्हें प्रशिक्षित करने हेतु बीएसए को निर्देशित किया। तदोपरांत जिलाधिकारी ने अमर शहीद दिलीप सिंह कंपोजिट विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय अबू सराय का निरीक्षण किया। यहां पर भी जिलाधिकारी द्वारा बच्चों से पुस्तकों को पढ़वाकर व गणित के सवालों को लगवा कर शिक्षा की गुणवत्ता को जांचा एवं परखा गया।
बच्चों को खेलकूद के साथ-साथ पाठ्य सहगामी क्रियाएं कराने के निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि उक्त सभी विद्यालयों सहित नगर क्षेत्र के अन्य कई विद्यालयों के भवनों के जीर्णोद्धार हेतु प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं जो टेंडर प्रक्रिया में हैं। शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होगी, जिसके उपरांत उक्त विद्यालयों सहित शहरी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के जीर्णोद्धार का कार्य होगा।
यह भी पढ़ें:- बहराइच: बैठक में डीएम ने जताई नाराजगी, दो एसडीएम समेत नौ अधिकारियों का रोका वेतन
