कानपुर: विधानसभा में गूंजेगा भूगर्भ जल में यूरेनियम मिलने का मुद्दा, प्रशासन ने नहीं उठाया कोई कदम
कानपुर। चकेरी, लालबंगला, चौबेपुर, नवीन नगर काकादेव, घाटमपुर के कई इलाकों में पीने के पानी में यूरेनियम की खतरनाक मात्रा पाए जाने का मुद्दा अब विधानसभा में गूंजेगा। सपा विधायकों ने संबंधित क्षेत्रों के लोगों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही इस मुद्दे पर विधानसभा में चर्चा करने …
कानपुर। चकेरी, लालबंगला, चौबेपुर, नवीन नगर काकादेव, घाटमपुर के कई इलाकों में पीने के पानी में यूरेनियम की खतरनाक मात्रा पाए जाने का मुद्दा अब विधानसभा में गूंजेगा। सपा विधायकों ने संबंधित क्षेत्रों के लोगों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही इस मुद्दे पर विधानसभा में चर्चा करने का निर्णय लिया है।
भाजपा विधायकों ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर जरूरी कदम उठाए जाने की मांग करने का निर्णय लिया है। आईआईटी द्वारा किए गए शोध की रिपोर्ट अमृत विचार ने सार्वजनिक कर दी है। इस रिपोर्ट का संज्ञान डीएम विशाख जी ने लिया है। उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भी क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने को कहा है पर अभी कोई कदम नहीं उठाया गया है।
पानी में यूरेनियम पाया जाना बहुत ही गंभीर बात है। हर हाल में संबंधित क्षेत्रों के लोगों को शुद्ध पानी की आपूर्ति की जाए। प्रशासन गंभीर नहीं है। इसलिए इस मुद्दे को विधानसभा में उठाऊंगा। सरकार तो अभी हिंदू- मुसलमान का मुद्दा उठाने में जुटी है …इरफान सोलंकी, विधायक सपा।
यूरेनियम रेडियो एक्टिव पदार्थ है। इस पदार्थ का पानी में मिलना कोई सहज बात नहीं है। आईआईटी के शोधकर्ताओं के साथ बैठक कर डीएम को तत्काल जरूरी कदम उठाना चाहिए था। अभी तक सरकार स्तर से भी कोई कदम नहीं उठाया गया। विधानसभा में अपनी बात रखूंगा …अमिताभ बाजपेई, विधायक सपा।
आईआईटी की रिपोर्ट को संज्ञान में अब तक सरकार को लेकर लेना चाहिए था और जिन हैंडपंपों के पानी में यूरेनियम मिला था उसे तत्काल सील कराया जाना चाहिए था, लेकिन ये कदम नहीं उठाए गए। सरकार कुछ नहीं सुनेगी। विधानसभा में ही इस मुद्दे को उठाऊंगा… मोहम्मद हसन रूमी, विधायक सपा।
…
पानी में यूरेनियम की मात्रा मिलने की खबर पढ़ी है। इस संबंध में डीएम से बात कर जरूरी कदम उठाने के लिए कहा है। मुख्यमंत्री से भी मिलूंगा और शोधकर्ताओं के साथ बैठक करने का आग्रह करूंगा। ताकि लोगों को बीमार होने से बचाया जा सके। विपक्ष सिर्फ राजनीति कर रहा है…सुरेंद्र मैथानी, विधायक भाजपा।
रिपोर्ट की जानकारी नहीं है। समाचार पत्र से ही यूरेनियम मिलने की जानकारी हुई है। पानी में यूरेनियम कहां से आया और इतना खतरानक स्तर है। यह स्थिति बहुत ही चिंतनीय है। इस संबंध में जरूरी कदम उठाया जाएगा। जल्द ही मुख्यमंत्री से समय लेकर मिलूंगा…अरुण पाठक, एमएलसी भाजपा।
यह भी पढ़ें:-बीजेपी विधायकों ने विधानसभा का ‘छद्म सत्र’ किया आयोजित, ‘आप’ सरकार पर साधा निशाना
