हल्द्वानी में सबसे ज्यादा 113 मिमी बारिश, कोश्याकुटोली में सबसे कम
हल्द्वानी,अमृत विचार। जिले में सबसे ज्यादा हल्द्वानी में 113 मिमी बारिश हुई। गुरुवार की रात बारिश इतनी तेज थी कि कॉलोनियों की सड़कों से लेकर हाइवे तक ने नदियों का रूप ले लिया था। फ्लो इतना तेज था कि लोगों को सड़कें पार करना मुश्किल हो रहा था। दूसरे दिन भी पूरे दिन बादल छाए …
हल्द्वानी,अमृत विचार। जिले में सबसे ज्यादा हल्द्वानी में 113 मिमी बारिश हुई। गुरुवार की रात बारिश इतनी तेज थी कि कॉलोनियों की सड़कों से लेकर हाइवे तक ने नदियों का रूप ले लिया था। फ्लो इतना तेज था कि लोगों को सड़कें पार करना मुश्किल हो रहा था। दूसरे दिन भी पूरे दिन बादल छाए रहे। हालांकि बारिश नहीं होने से लोगों ने राहत की भी सांस ली।
नैनीताल जिले में हल्द्वानी के निकट कालाढूंगी में 65 मिमी, रामनगर में 29.8 मिमी, बेतालघाट में 12 मिमी, धारी में 8 मिमी, नैनीताल में 6 मिमी, मुक्तेश्वर में 3.6 मिमी, कोश्याकुटोली में 2.2 मिमी बारिश हुई। सबसे ज्यादा हल्द्वानी में देर रात करीब दो बजे तक बारिश होती रही। तेज बारिश के कारण शहर की कॉलोनियों की कई सड़कें जलमग्न हो गईं।
बारिश के कारण जगदंबा नगर में दुर्गासिटी सेंटर चौराहे के पास खराब सड़क धंस गई, जिसे शुक्रवार को जेसीबी से ठीक किया गया। कैनाल रोड और नैनीताल हाइवे पर पानी का फ्लो काफी तेज होने की वजह से लोगों को पैदल और दोपहिया वाहनों से सड़क पर चल पाना मुश्किल हो रहा था।
गौला की सप्लाई रही प्रभावित
झमाझम बारिश होने से गौला की सप्लाई एक बार फिर लड़खड़ा गई। सिल्ट आने की वजह से फिल्टर प्लांट तक पानी समय पर नहीं पहुंच सका। इसके साथ ही फिल्टर होने के बाद काफी पानी यूं ही बर्बाद हो गया। इस वजह से घरों में भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच सका।
