मुरादाबाद : सीएम योगी आज परखेंगे विकास कार्यों की हकीकत, जानें पूरा कार्यक्रम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रदेश में दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार मुरादाबाद शहर में आदित्यनाथ के कदम पड़ेंगे। वह सर्किट हाउस में जहां अधिकारियों के साथ मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे, वहीं जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी करेंगे। इसके अलावा वह विकास कार्यों की ऑन द स्पॉट …

मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रदेश में दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार मुरादाबाद शहर में आदित्यनाथ के कदम पड़ेंगे। वह सर्किट हाउस में जहां अधिकारियों के साथ मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे, वहीं जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी करेंगे। इसके अलावा वह विकास कार्यों की ऑन द स्पॉट परख के लिए मौके पर भी पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री के आने से पहले लाकड़ी फाजलपुर में प्रधानमंत्री आवास तैयार किए गए।
मुख्यमंत्री के आने से पहले लाकड़ी फाजलपुर में प्रधानमंत्री आवास तैयार किए गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मूंढापांडे हवाई पट्टी से उतरकर सीधे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां पर पहले पार्टी पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों से मिलेंगे। उनसे मिलने वालों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए भूपेंद्र सिंह चौधरी, भाजपा विधायक रितेश गुप्ता, विधान परिषद सदस्य, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष व अन्य जन प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। इसके बाद 12 बजे से वह सर्किट हाउस में ही दो घंटे तक मंडलीय समीक्षा बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के शीर्ष प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति पर अधिकारियों की खबर लेंगे।

कान्हा गोशाला पार्क में बच्चों के लिए लगा झूला।

विकास कार्यों की हकीकत परखने के लिए मुख्यमंत्री मैनाठेर में गोशाला, लाकड़ी फाजलपुर में इलेक्ट्रिक बसों के चार्जिंग स्टेशन और प्रधानमंत्री आवास योजना में बनी कॉलोनी में पहुंचेंगे। उनके निरीक्षण कार्यक्रम से अधिकारियों में खलबली है। देर रात तक अधिकारी खामियों को ढकने में जुटे रहे। योजनाओं के पास पहुंचे अधिकारियों ने उनको शिकायत करने से रोकने के लिए खूब मनुहार की। जिससे उनके मुंह खुलने से हकीकत बाहर आने पर उनकी टोपी पर खतरा न आ जाए। मैनेजमेंट में लगे अधिकारियों ने स्थानीय प्रतिनिधियों की भी खूब मनुहार की।

मुरादाबाद में मुख्यमंत्री का यह है कार्यक्रम

  • 3 सितंबर, शनिवार
    11: 15 बजे मुरादाबाद सर्किट हाउस में पहुंचकर 12 बजे तक जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक।
  • 12:00 बजे से दिन में 2: 00 बजे तक मंडलीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विकास कार्यो एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक।
  • 2:30 बजे सर्किट हाउस से चलकर 2:40 बजे लाकड़ी फाजलपुर में प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण।
  • 3:00 बजे मैनाठेर गोशाला का निरीक्षण।
  • 3:20 बजे इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन लाकड़ी फाजलपुर का स्थलीय निरीक्षण।
  • 3:35 बजे सर्किट हाउस लौटकर राजकीय हेलीकाप्टर से बिजनौर के लिए प्रस्थान।
  • 4 सितंबर, रविवार
  • दोपहर 2: 50 बजे मूंढापांडे हवाई पट्टी पर आगमन।
  • 3:00 से शाम 4:00 बजे तक उद्यमियों से संवाद व भेंट वार्ता इसके बाद लखनऊ के लिए वापसी।

 

कान्हा गोशाला में में बंधे गोवंश। इसी गोशाला का मुख्यमंत्री निरीक्षण करेंगे।
कान्हा गोशाला में में बंधे गोवंश। इसी गोशाला का मुख्यमंत्री निरीक्षण करेंगे।

तैयारियों में जुटा लोक निर्माण विभाग
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे ने सभी अधिकारियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। हर कोई खुद को बेहतर साबित करने में लगा है। लोक निर्माण विभाग भी इसमें किसी से पीछे नहीं है। अभी तक बजट का रोना रो रहा यह विभाग भी एक्शन में आ गया। शुक्रवार को भी पीडब्ल्यूडी के अधिकारी पूरे दिन सर्किट हाउस में डटे रहे। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मुरलीधर गंगवार अपनी टीम के साथ सुबह ही सर्किट हाउस पहुंच गए। उन्होंने पूरे सर्किट हाउस का बारीकी से निरीक्षण किया। एक-एक कमरे के दरवाजे, खिड़कियां आदि देखीं। जहां कमी दिखाई दीं, वहां तत्काल रंग-रोगन कराया गया। शौचालय भी चेक किए और कमी मिलने पर तत्काल मरम्मत कराई। सभा कक्ष का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। इलेक्ट्रीशियन की टीम ने सभा कक्ष में लगे लाउडस्पीकर, स्क्रीन, कैमरों आदि को चेक किया। इस दौरान एक स्पीकर में कुछ कमी मिलने पर तत्काल बदल दिया गया। एयरकंडीशन कमरे में बैठने वाले अधिकारी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए धूप में पसीना बहाते दिखाई दिए।

दिन भर दौड़ते रहे अधिकारियों के वाहन
मुख्यमंत्री के आने के चलते शुक्रवार को सुबह से लेकर रात तक अधिकारी सड़कों की खाक छानते रहे। कभी बैठक तो कभी मुख्यमंत्री के स्थलीय निरीक्षण वाले स्थानों पर अधिकारियों की गाड़ियां दौड़ती रहीं। दिन भर हूटर बजाती गाड़ियों का काफिला सड़कों पर दौड़ लगाती रहीं। एक तरफ जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह जिले के कार्यों को दुरुस्त कराने और योजनाओं की प्रगति का डेटा बनवाने और सर्किट हाउस से लेकर लाकड़ी फाजलपुर, मैनाठेर आने जाने के रास्ते को दुरुस्त कराने, कानून और सुरक्षा व्यवस्था की मानीटरिंग कर पल-पल का फीडबैक लेने में लगे रहे। तो दूसरी तरफ मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह और डीआईजी शलभ माथुर मुरादाबाद के अलावा बिजनौर और रामपुर में मुख्यमंत्री के दौरे में बैठक, योजनाओं के लोकार्पण, शिलान्यास और निरीक्षण वाले स्थानों पर अधिकारियों को भेजकर इंतजाम पुख्ता कराने में जुटे रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी और ग्रामीण के तहत बने आवासों के पात्र लाभार्थियों के पास पहुंचकर अधिकारी उनको पटाने में लगे रहे। जिससे मुख्यमंत्री के सामने किसी प्रकार की शिकायत से असहज स्थिति का सामना करने से मुख्यमंत्री के गुस्से का कोपभाजन न बनना पड़े। वहीं ई बस के चार्जिंग स्टेशन, मैनाठेर में गोशाला में इंतजाम दुरुस्त कराने में अधिकारियों के पसीने छूटते रहे।

कान्हा गोशाला पार्क में ट्री गार्ड ले जाते मजदूर।
कान्हा गोशाला पार्क में ट्री गार्ड ले जाते मजदूर।

डिवाइडरों पर ट्री-गार्ड का कार्य पूरा नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर नगर निगम पूरी तैयारी में जुटा है। इसके बाद भी डिवाइडरों के ऊपर लगाए गए पेड़-पौधों पर ट्री-गार्ड का कार्य अधर में लटका है। नगर निगम ने मुख्यमंत्री योगी के आगमन के प्रस्तावित कार्यक्रम मिलने के बाद जोर-शोर से तैयारी शुरू कर दी। शहर में कांठ रोड और महिला थाने के सामने लगे पेड़ पौधे पर ट्री-गार्ड का कार्य शुरू कराया गया। लेकिन, तीन दिन के बाद भी यह पूरा नहीं हो सका। कांठ रोड पर नवीन नगर तिराहे पर भी कार्य रोक दिया गया है। इसके अलावा कान्हा गोशाला मार्ग पर बड़े पौधे लगाए गए हैं, वहां भी देर शाम तक कार्य प्रगति पर चलता रहा।

चिकित्सा प्रबंध पुख्ता कराने में जुटे रहे मुख्य चिकित्साधिकारी
मुख्यमंत्री के आने को देखते हुए उनके चिकित्सा प्रबंध की तैयारियां भी की गईं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि टीएमयू व दिल्ली रोड स्थित श्री साईं हास्पिटल में सेफ हाउस बनाया गया है। मुख्यमंत्री के काफिले और बैठक स्थल सर्किट हाउस में एएलएस एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम से युक्त एंबुलेंस चिकित्सकों की टीम के साथ उपलब्ध रहेगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : नगर विकास विभाग की 1802.70 लाख की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे सीएम

संबंधित समाचार