अयोध्या: सड़क की दुर्दशा ऐसी कि तीन किमी. घूमकर स्कूल जाते हैं बच्चे, नहीं हो रही सुनवाई
अयोध्या। क्षेत्र में दक्षिण तारापुर जाने वाला मार्ग अपने दुर्दशा की गवाही दे रहा है। विकास का दावा करने वाले जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक उदासीनता के कारण ही हजारों लोगों को प्रतिदिन जर्जर और बदहाल सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने कई बार सड़क की समस्या को लेकर जनप्रतिधियों से शिकायत भी की …
अयोध्या। क्षेत्र में दक्षिण तारापुर जाने वाला मार्ग अपने दुर्दशा की गवाही दे रहा है। विकास का दावा करने वाले जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक उदासीनता के कारण ही हजारों लोगों को प्रतिदिन जर्जर और बदहाल सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने कई बार सड़क की समस्या को लेकर जनप्रतिधियों से शिकायत भी की लेकिन आश्वासन के अलावा उन्हें कुछ हाथ नहीं लगा।
अयोध्या-अम्बेडकरनगर मार्ग से सटी इस सड़क पर इस कदर गड्ढे हैं कि लोगों को समझ में नहीं आता कि सड़क पर गड्ढा है या गड्ढे में सड़क हैं। संपर्क मार्ग पर एक गैस एजेंसी, महाविद्यालय के अलावा सैकड़ों घर मौजूद हैं। गैस एजेंसी के मालिक संतोष सिंह ने बताया कि गैस लेने के लिये आने वाले लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह से जलमग्न हो जाती है।
जिसके कारण लोग सड़क पर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। वहीं महाविद्यालय के संचालक महादेव सिंह का कहना है कि संपर्क मार्ग की समस्या छात्र-छात्राओं के लिए काफी कष्टदायक साबित होता है। जिसके कारण बच्चों को पानी में होकर आना जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि कुछ छात्र-छात्राओं को सड़क खराब होने के कारण तीन किलोमीटर अधिक घूमकर आना पड़ता है।
संपर्क मार्ग पर व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित करने वाले दुकानदार संजय सिंह का कहना है कि सड़क की जर्जर अवस्था के कारण दुकानों पर ग्राहकों का आवागमन कम हो गया है। जिसके कारण उनकी बिक्री न के बराबर हो गई है।
उनका कहना है कि इस समस्या को लेकर दर्जनों बार जनप्रतिनिधियों से शिकायत भी की गई है लेकिन आज तक लोगों की इस समस्या पर किसी ने कोई रुचि नहीं दिखाई। वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगदंबा गुप्ता ने बताया कि यह सड़क पीडब्ल्यूडी के अंदर आती है, इसलिए उस पर कोई काम नहीं करा सकते। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक से सड़क निर्माण के लिए कहा गया है, सड़क निर्माण का आश्वासन मिला है।
यह भी पढ़ें-अयोध्या: जर्जर सड़क पर पिछले एक वर्ष में हो चुकी है आधा दर्जन से अधिक दुर्घटनाएं, तीन की हो चुकी मौत
