उद्घाटन होता रहेगा, 300 बेड अस्पताल में ओपीडी शुरू कराएं- डिप्टी सीएम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। हस्तांतरित होने के बाद उद्घाटन की वजह से मंडल के सबसे बड़े अस्पताल 300 बेड का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा था। यह मामला जब डिप्टी सीएम के सामने मीडिया ने उठाया तब उन्होंने कहा कि 300 बेड अस्पताल को शुरू कराने ही आया हूं , गुरुवार को वैसा ही हुआ। …

अमृत विचार, बरेली। हस्तांतरित होने के बाद उद्घाटन की वजह से मंडल के सबसे बड़े अस्पताल 300 बेड का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा था। यह मामला जब डिप्टी सीएम के सामने मीडिया ने उठाया तब उन्होंने कहा कि 300 बेड अस्पताल को शुरू कराने ही आया हूं , गुरुवार को वैसा ही हुआ। उन्होंने निरीक्षण करने के बाद 300 बेड अस्पताल में ओपीडी शुरू कराने के निर्देश जारी करते हुए डाॅक्टर और पैरामेडिकल की तैनाती आज ही करने के सीएमओ को निर्देश दिए। इसके बाद डाॅक्टरों और अन्य स्टाफ की तैनाती कर दी गई।

सबसे अच्छी बात यह है कि अब एडी हेल्थ से लेकर सीएमओ, एसीएमओ भी सुबह 8 से 11 बजे तक ओपीडी में मरीज देखेंगे। उन्हें रोजाना मरीज देखने के निर्देश दिए गए हैं। यह भी निर्देश है कि ओपीडी के बाद सभी अधिकारी प्रशासनिक कार्य करेंगे और उसके बाद दो से तीन स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट भेजेंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाएं दुरुस्त हो सकें।

स्वास्थ्य मंत्री ने एडी हेल्थ डॉ. दीपक ओहरी, सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह को हर हाल में शुक्रवार से ओपीडी आरंभ करने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएम ने बताया कि उद्घाटन बाद में होता रहेगा। अभी ओपीडी शुरू कराना जरूरी है। महाराणा प्रताप संयुक्त चिकित्सालय से पुरुष अस्पताल को 300 बेड अस्पताल में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

फर्श से शौचालय तक सभी खामियां जल्द दूर हों
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने 300 बेड अस्पताल की निर्माण गुणवत्ता का भी जायजा लिया, अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड की दीवार पर लगी एक टाइल टूटी थी, जिस पर उन्होंने सीएमओ को आदेश दिया कि फर्श से लेकर शौचालय तक सभी प्रकार की छोटी-बड़ी खामियों को तत्काल दूर कराया जाए।

पांच डॉक्टर देखेंगे मरीज
सीएमओ ने गुरुवार शाम पांच बजे 300 बेड अस्पताल में अधिकारियों के साथ बैठक कर सप्ताह में एक-एक दिन प्रशासनिक सेवाएं दे रहे अधिकारियों की ड्यूटी 300 बेड अस्पताल की ओपीडी में लगाई है। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी को आदेशित कर दिया गया है। शुक्रवार को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी होगी। चार फिजिशियन और एक विशेषज्ञ ओपीडी में मरीज देखेंगे।

ड्रग हाउस से मंगाई दवाओं की खेप
डिप्टी सीएम के आदेश के बाद ओपीडी की सेवाएं शुरू करने के लिए कोरोना फ्लू कार्नर पर ओपीडी सभागार में मरीजों के लिए कुर्सियां डाली गईं है। यहां पांच कमरों में डॉक्टर ओपीडी में मरीज देखेंगें। वहीं मरीजों के रजिस्ट्रेशन के लिए प्रशासनिक भवन में दो काउंटर बनाए गए हैं। पर्चा काउंटर के बराबर में ही दो काउंटर से ओपीडी में आने वाले मरीजों को दवा वितरित की जाएगी। ओपीडी में आने वाले मरीजों को दवाओं की कमी न हो इसलिए गुरुवार शाम को ही प्रभारी चिकित्साधिकारी ने ड्रग हाउस से कर्मचारियों को भेजकर दवाओं की खेप मंगा ली है।

एसएसपी से होमगार्डों की मांग
300 बेड अस्पताल में कोविड की दस्तक के बाद से ही सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं, अब यहां ओपीडी आरंभ हो रही है। इसलिए भारी मात्रा में चिकित्सीय उपकरण व अन्य सामान रहेगा जिसकी सुरक्षा के लिए प्रभारी चिकित्साधिकारी ने एसएसपी से होमगार्डों की तैनाती की मांग की है।

यह भी पढ़ें- बरेली: यात्रियों की जान से खिलवाड़, कमजोर आंखों से दौड़ रहीं रोडवेज बस

संबंधित समाचार