बागेश्वर में बारिश का कहर… बिजली, पानी और सिंचाई नहर को भारी नुकसान
बागेश्वर, अमृत विचार। जिले के कपकोट व दुग-नाकुरी तहसील क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। इस बार बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की घटनाएं भी अधिक हो रही है। रविवार की रात हुई बारिश के कारण दो सड़कें बंद हैं। कई मकानों में आंशिक नुकसान हुआ है। पानी, बिजली और सिंचाई नहर को भी …
बागेश्वर, अमृत विचार। जिले के कपकोट व दुग-नाकुरी तहसील क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। इस बार बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की घटनाएं भी अधिक हो रही है। रविवार की रात हुई बारिश के कारण दो सड़कें बंद हैं। कई मकानों में आंशिक नुकसान हुआ है। पानी, बिजली और सिंचाई नहर को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कपकोट के ऐठाण, बमसेरा क्षेत्र में लोगों की उपजाऊ जमीन भी भूस्खलन की चपेट में आ गई है।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ज्ञानधुरा-डांगती, नामती-चेटाबगड़ मार्ग बंद है। अन्य मार्गों को खोल दिया है। इसके अलावा पौसारनी में लाल सिंह, कन्यालीकोट में पनी राम का आवासीय मकान को नुकसान हुआ है। पौसारी में ही दो बिजली के पोल बह जाने से वहां आपूर्ति बाधित है। कपकोट में पेयजल लाइन ध्वस्त होने से नगर में पानी की सप्लाई दो दिन से बंद है। लोग स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर हैं। इसके अलावा लोअर कपकोट नहर भी कई स्थानों से क्षतिग्रस्त है। सभी योजनाओं की मरम्मत का कार्य चल रहा है।
इधर, कपकोट के लोगों ने बताया कि बारिश ने कपकोट, ऐठाण, रिखाड़ी, बमसेरा जोड़ने वाले दो पुल खतरे की जद में आ गए। कुजगेड़ी गदेरे ने तबाही मचाई है। मल्ला बमसेरा तल्ला बमसेरा ऐठाण झाझरबुड्ढी तक गधेरे ने लगभग 10 हेक्टेयर जमीन गधेरे में बह गई है। दीपक सिंह ऐठानी, चंचल सिंह ऐठानी, दयाल सिंह, हीरा सिंह, विनोद ऐठानी, भगवत सिंह, जानकी ऐठानी, महेश सिंह, चंचल गड़िया, दरपान सिंह ऐठानी, भूपाल सिंह, शेर सिंह ऐठानी, मोहन राम, शेर राम, हरीश राम के खेतों और मकानों को खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौका मुआयना कर लोगों की समस्या दूर करने की मांग की है।
