लखीमपुर-खीरी: अवैध रूप से कमाई गई होगी संपत्ति तो जरूर चलेगा बुलडोजर- अंजू बाला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी/निघासन, अमृत विचार। थाना निघासन क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद दो नाबालिग बहनों की हत्या मामले की जांच करने सोमवार को अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य डॉ. अंजू बाला के नेतृत्व में एक टीम मृतक बहनों के गांव पहुंची। टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उन्हें इंसाफ का …

लखीमपुर-खीरी/निघासन, अमृत विचार। थाना निघासन क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद दो नाबालिग बहनों की हत्या मामले की जांच करने सोमवार को अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य डॉ. अंजू बाला के नेतृत्व में एक टीम मृतक बहनों के गांव पहुंची। टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उन्हें इंसाफ का भरोसा दिलाया। आयोग की सदस्य अंजू बाला ने कहा कि अगर आरोपियों के घर अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति से बने होंगे तो उन पर जरूर बुलडोजर चलेगा।

थाना निघासन क्षेत्र के एक गांव में 14 सितंबर की शाम अनुसूचित जाति की दो नाबालिग बहनों की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा था कि दोनों बहने स्वेच्छा से दो युवकों के साथ बाइक पर बैठकर गई थीं। जहां युवकों ने दुष्कर्म किया। बहनों ने जब विरोध किया तो उनकी गला दबाकर हत्या कर दी थी और अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर शवों को लटका दिया था।

हालांकि इस पूरे प्रकरण की जांच गठित की गई जिला स्तरीय एसआईटी कर रही है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (भारत सरकार) ने घटना को गंभीरता से लिया था। सोमवार को आयोग की सदस्य डॉ. अंजू बाला टीम के साथ मृतक बहनों के गांव पहुंची। टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। रसोई गैस कनेक्शन, राशन कार्ड, आवास और शौचालय आदि सुविधाओं के बारे में पूछा। मृतक बहनों की मां ने डॉ. अंजू बाला से कहा कि बेटियों की कब्र खोदने बुलडोजर आया था। बुलडोजर आरोपियों के घरों पर भी चलना चाहिए। परिवार के लोगों ने आरोपियों को फांसी दिए जाने की मांग दोहराई।

इस पर डॉ. अंजू बाला ने कहा कि अगर आरोपियों के घर अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति से बने होंगे तो उन पर जरूर बुलडोजर चलेगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने का आश्वासन दिया। कहा कि जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। सभी आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। वह खुद आरोपियों को कठोर सजा दिलाने की पक्षधर हैं। इसके लिए अदालत में सरकार की तरफ से प्रभावी पैरवी की जाएगी। वह जल्द ही अपनी रिपोर्ट आयोग को सौंप देंगी।

उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम राजेश कुमार, सीओ संजय नाथ तिवारी, बीडीओ राकेश सिंह और कोतवाल चंद्रभान यादव से भी पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम, पुलिस कार्रवाई आदि की जानकारी ली। इसके बाद टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने जिस जगह दुष्कर्म और हत्या हुई। उस जगह का निरीक्षण किया। लेकिन टीम पानी भरा होने के कारण उस स्थान पर नहीं पहुंच सकी, जहां दोनों बहनों के गन्ने के खेत में जाकर निरीक्षण किया।

हालांकि बरसात का पानी खेत में भरा होने के कारण टीम उस जगह नहीं पहुंच सकी, जहां दोनों बहनों की लाशें एक साथ लटकी मिली थीं। सीओ संजय नाथ तिवारी ने अब तक की कार्रवाई के बारे में टीम को बताया। वहीं एसडीएम राजेश कुमार ने परिवार को अब तक दी गई और आगे दी जाने वाली मदद की जानकारी दी।

डॉ. प्रिय रंजन आशु ने बोले फिर मिलेंगे
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की टीम में शामिल डॉ. प्रिय रंजन आशु ने बताया कि परिवार के सदस्य घटना के काफी व्यथित हैं। जैसे ही किसी को देखते हैं तो फफक कर रोने लगते हैं, इसलिए पूरी बात परिजनों से अभी नहीं हो पाई है। दोबारा परिजनों से जरूर मिलेंगे। ऐसे हालातों में ज्यादा बात करना भी नुकसान दायक होता है।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: तालाब की भूमि पर बन रहा था चर्च, पुलिस ने रुकवाया

 

संबंधित समाचार