चित्रकूट में बोले डिप्टी सीएम- ईडी और सीबीआई के डर से एकजुट हो रहे विपक्षी दल
चित्रकूट। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर कटाक्ष किया है कि वे ईडी और सीबीआई के छापों के डर से एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने भी देश के गरीबों का पैसा लूटकर तिजोरियां भरी हैं, उनसे यह धन छीनकर गरीबों में बांटा जाएगा। उप मुख्यमंत्री रविवार को …
चित्रकूट। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों पर कटाक्ष किया है कि वे ईडी और सीबीआई के छापों के डर से एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन्होंने भी देश के गरीबों का पैसा लूटकर तिजोरियां भरी हैं, उनसे यह धन छीनकर गरीबों में बांटा जाएगा। उप मुख्यमंत्री रविवार को एक दिवसीय दौरे पर चित्रकूट आए थे।

रामायण मेला परिसर में लोगों को संबोधत करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी, प्रदेश में अखिलेश यादव और दिल्ली में सोनिया, प्रियंका व राहुल गांधी ईडी के बहाने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए फिर एक हो रहे हैं लेकिन इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं। दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में 2024 में प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेंगे और भाजपा सरकार बनाएंगे। पितृ मोक्ष अमावस्या की बधाई देते हुए उन्होंने लोगों को माता पिता व पूर्वजों की सेवा करने की सीख दी।

डिप्टी सीएम का हेलीकाप्टर पुलिस लाइंस में सुबह लगभग साढ़े दस बजे उतरा। डिप्टी सीएम का क्षेत्रीय मंत्री देवेश कोरी, सांसद आरके सिंह पटेल, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, विधायक मानिकपुर अविनाश चंद्र द्विवेदी आदि ने स्वागत किया। डिप्टी सीएम ने विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी के कार्यालय में पीएम की मन की बात सुनी। रामायण मेला परिसर में विभागों की प्रदर्शनी देखी व विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र तथा आवास की चाबियां दीं।

जिलाधिकारी अभिषेक आनंद व पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा ने डिप्टी सीएम को स्मृतिचिह्न भेंट किया। डिप्टी सीएम ने लाइना बाबा मंदिर शिवरामपुर में पूजा अर्चना की। अमृत सरोवर तालाब का भी निरीक्षण किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने राजापुर-चित्रकूट बाइपास, चित्रकूट में विकास आदि पर बातें कीं।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: डिप्टी सीएम केशव मौर्य का बड़ा बयान, बोले- नितीश कुमार के लिए नहीं है यूपी में कोई जगह
