फिर से सपा की कमान मिलते भाजपा पर बरसे अखिलेश, कहा- पिछड़े व दलितों के साथ हो रहा अन्याय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए पिछड़े व दलितों पर अन्याय करने वाली सरकार बताया है। उन्होंने कहा है कि लगता है फिर कहीं पर चुनाव है, इसलिए बीजेपी की सरकार राशन एक बार फिर मुफ्त दे रही है। बीजेपी …

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए पिछड़े व दलितों पर अन्याय करने वाली सरकार बताया है। उन्होंने कहा है कि लगता है फिर कहीं पर चुनाव है, इसलिए बीजेपी की सरकार राशन एक बार फिर मुफ्त दे रही है। बीजेपी की सरकार गरीबों को पैरासिटामोल नहीं दे पा रही है और राशन देने की बात कर रही है। बीजेपी की सरकार अपने उद्योगपति दोस्तों को फायदा देने वाली सरकार है। इस सरकार में आम लोगों का भविष्य अच्छा नहीं हो सकता।

अखिलेश यादव ने यह बातें राजधानी के रमाबाई आंबेडकर स्थल पर आयोजित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में कही। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में इस बार समाजवादियों की सरकार होती, लेकिन इलेक्शन कमीशन ने बीजेपी के इशारे पर जानबूझकर यादव और मुसलमानों का वोट काट दिया। इस सरकार में पिछड़े और दलितों के साथ अन्याय हो रहा है।

ऐसे में बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर व डॉ. राम मनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर चलने वाली लोगों को एक साथ आना चाहिए। जिससे संविधान व देश को बचाया जा सके। अखिलेश यादव ने इस दौरान बीजेपी सरकार की तुलना हिटलर के शासन से करते हुए कहा कि बीजेपी की पूरी पार्टी ही प्रोपोगेंडा पर चल रही है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में हम मां दुर्गा से एक ही प्रार्थना करते हैं कि सत्ता में बैठे लोग सच बोलने लगे। जिस दिन सत्ता में बैठे लोग सच बोलने लगेंगे, उस दिन वह धरातल में चले जाएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि आंकड़े बताते हैं कि सबसे ज्यादा कर्ज गुजरात के उद्योगपतियों का माफ हुआ है। किसी भी किसान का कर्ज माफ नहीं हो रहा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ भेदभाव हो रहा है। डबल इंजन की सरकार प्रदेश की जनता के साथ धोखा कर रही है।

उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही थी, लेकिन बीजेपी ने पूरी मशीनरी लगा कर अपनी सरकार बना ली। यह सरकार जनता ने नहीं चुनी है। अखिलेश यादव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं लड़खड़ा चुकी है, सरकारी संस्थाएं इस सरकार में बेची जा रही है, यह सारे काम बीजेपी की सरकार निजी संस्थानों को आगे बढ़ाने के लिए कर रही है।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: बीजेपी को सिर्फ सपा हरा सकती है: अखिलेश यादव

संबंधित समाचार