Women’s Asia Cup 2022 : महिला एशिया कप में भारत की लगातार दूसरी जीत, मलेशिया को 30 रनों से हराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिलहेट। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2022 का दूसरा मुकाबला भी अपने नाम कर लिया है। सोमवार को भारत ने सबभिनेनी मेघना (69) के अर्धशतक और शेफाली वर्मा (46) एवं ऋचा घोष (33 नाबाद) की शानदार पारियों की बदौलत वर्षाबाधित टी20 मुकाबले में मलेशिया को 30 रनों से मात दी। इससे पहले …

सिलहेट। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2022 का दूसरा मुकाबला भी अपने नाम कर लिया है। सोमवार को भारत ने सबभिनेनी मेघना (69) के अर्धशतक और शेफाली वर्मा (46) एवं ऋचा घोष (33 नाबाद) की शानदार पारियों की बदौलत वर्षाबाधित टी20 मुकाबले में मलेशिया को 30 रनों से मात दी। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 181 रन बनाए। मलेशिया ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 5.2 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 16 रन बनाए, जिसके बाद बारिश के कारण मैच रोका गया और अंततः डकवर्थ लुइस नियम के अनुसार भारत ने मैच 30 रन से जीत लिया।

 

बारिश ने डाली खलल

मलेशिया ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी के लिए बुलाया और मेघना ने शेफाली के साथ मिलकर पहले विकेट के लिये 116 रन की शतकीय साझेदारी की। मेघना ने 53 गेंदों पर 11 चौके और एक छक्का लगाते हुए 69 रन बनाये जबकि शेफाली ने 39 गेंदों पर एक चौके और तीन छक्कों के साथ 46 रन की पारी खेली। किरण नवगिरे शून्य रन और राधा यादव आठ रन पर आउट हो गयीं लेकिन ऋचा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। अंत में दयालन हेमलता ने चार गेंदों पर एक चौके और एक छक्के के साथ 10 रन जोड़कर भारत को 20 ओवर में 181/4 के स्कोर तक पहुंचाया। भारत जैसी बड़ी टीम के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए मलेशिया के पास अनुभव लेने का सुनहरा अवसर था, लेकिन वह बारिश के कारण पूरे ओवर नहीं खेल सकी।

‘हम पूरा मैच खेलना चाहते थे, लेकिन…’

मैच को 5.2 ओवर पर रोके जाने से पहले दीप्ति शर्मा ने विनीफ्रेड डुरैसिंघम (शून्य) का विकेट लिया जबकि राजेश्वरी गायकवाड़ ने वान जूलिया (01) को पवेलियन भेजा। मास एलिसा (14) और एल्सा हंटर (01) नाबाद रहीं। मैच के बाद मलेशिया की कप्तान डुरैसिंघम ने कहा, “हम पूरा मैच खेलना चाहते थे, लेकिन दुख की बात है कि बारिश पांच ओवर के बाद ही आ गई। लड़कियां वास्तव में इस मैच के लिए उत्साहित थीं, यह आप हमारी ऊर्जा में देख सकते हैं। यह हमारे लिये सीखने का अच्छा मौका है। हमें इस स्तर पर बहुत अधिक अवसर नहीं मिलते, इसलिए जब ऐसा होता है तो आप हमारी ऊर्जा के स्तर को देख सकते हैं।”

भारतीय टीम को अभी चार और खेलने हैं मुकाबले

महिला एशिया कप 2022 में कुल सात टीमें हिस्सा ले रही हैं। राउंड रॉबिन आधार पर यह टूर्नामेंट खेला जा रहा है। सभी टीमें 6-6 मुकाबले खेलते हुए हर टीम से एक-एक बार भिड़ेंगी। भारतीय टीम को अब मंगलवार को यूएई से फिर, सात अक्टूबर को पाकिस्तान से, आठ अक्टूबर को बांग्लादेश से और 10 अक्टूबर को थाइलैंड के खिलाफ अगले चार मुकाबले खेलने हैं। लीग राउंड के बाद टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी। इस टूर्नामेंट का फाइनल 15 अक्टूबर को खेला जाएगा।

ये भी पढ़ें : World Table Tennis Championships : भारतीय पुरुष टीम ने कजाकिस्तान को हराया, महिला टीम मिस्र को हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची

संबंधित समाचार