चित्रकूट: आखिरकार गोलू की मौत के मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट। घटना के लगभग एक माह बाद आखिर विवेक शिवहरे उर्फ गोलू की मौत मामले में सरधुवा थाने में तीन आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। इन पर धारा 302, 328, 506 और धारा 201 भा. द. सं. के तहत मामला दर्ज किया गया है। कर्वी कोतवाली अंतर्गत शंकर बाजार निवासी कृष्णदत्त शिवहरे ने …

चित्रकूट। घटना के लगभग एक माह बाद आखिर विवेक शिवहरे उर्फ गोलू की मौत मामले में सरधुवा थाने में तीन आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। इन पर धारा 302, 328, 506 और धारा 201 भा. द. सं. के तहत मामला दर्ज किया गया है। कर्वी कोतवाली अंतर्गत शंकर बाजार निवासी कृष्णदत्त शिवहरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उसके बेटे गोलू को 27 अगस्त को सौरभ सिंह, संजय द्विवेदी व सौरभ करवरिया निवासी शंकर बाजार अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए थे। शाम सवा सात बजे गौरव पुत्र संतोष ने सूचना दी कि गोलू पानी में डूबकर मर गया है और उसका शव पहाड़ी अस्पताल में है। वहां जाकर देखने पर पाया कि स्ट्रेचर पर गोलू का शव रखा है। शरीर पर सिर्फ अंडरवियर है।

तीनों आरोपियों ने घटना में अलग-अलग बातें बताईं। डूबने का स्थान पनौती थाना सरधुवा स्थित नाला बताया जबकि गोलू तैरना जानता था। उन्होंने आशंका जताई थी कि रंजिशवश उसे पानी में डुबो डुबोकर या फिर कोई नशीली चीज खिलाकर मारा गया है। साक्ष्य मिटाने के लिए गोलू के मोबाइल सिम को वोडाफोन से एयरटेल में पोर्ट भी किया गया था। उनको शंका इससे भी हुई कि आरोपियों ने न तो पुलिस बुलाई थी और न पहाड़ी थाने में सूचना दी थी। 28 सितंबर को तीनों आरोपियों सौरभ द्विवेदी पता अज्ञात, संजय द्विवेदी पता अज्ञात और सौरभ करवरिया पता शंकर बाजार कर्वी के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

कोर्ट में लगाई गई थी गुहार
गोलू के पिता कृष्णदत्त शिवहरे ने बताया कि जब उनको पुलिस से न्याय न मिलता दिखा तो उन्होंने धारा 156 (3) के तहत कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट ने इस संबंध में पुलिस से 30 सितंबर तक आख्या मांगी थी। इसके दो दिन पहले पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने कहा कि उनको सिर्फ न्यायालय पर ही भरोसा है कि वही उनके बेटे को न्याय मिलेगा।

रिपोर्ट में पुलिस की हीलाहवाली का भी जिक्र
रिपोर्ट में गोलू के पिता ने इस बात का भी जिक्र किया है कि 29 अगस्त को सरधुवा थाने में इसकी सूचना दिए जाने के बाद भी एसओ ने सुनवाई नहीं की। एसपी से मिलने के बाद उन्होंने मामले की जांच सीओ राजापुर को सौंपी पर इसके बाद भी एफआईआर नहीं लिखी जा रही।

परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
गोलू के मामा अरविंद शिवहरे ने कहा कि उन लोगों को आरोपियों से जानमाल का खतरा है। रिपोर्ट लिखे कई दिन होने के बाद भी अबतक इनकी गिरफ्तारी नहीं हो रही है। बताया कि जब वे लोग रिपोर्ट लेने जा रहे थे तो उनकी गाड़ी का पीछा किया गया था। इसकी जानकारी भी पुलिस को दी गई थी।

यह भी पढ़ें:-चित्रकूट: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक की मौत कई घायल

संबंधित समाचार