मुरादाबाद: बैंकों की तरह डाकघरों में भी अब डीबीटी के जरिए पैसा आसानी से होगा ट्रांसफर
मुरादाबाद। डाकघर के बचत खाताधारकों को बड़ी सहूलियत मिलेगी, अब डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) योजनाओं के जरिए पैसा आसानी से ट्रांसफर हो जाएगा। इससे बचत खाताधारकों खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के रहने वालों को आसानी होगी। उन्हें पैसे भेजने के लिए बैंकों का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। अपने निकटवर्ती डाकघर में बचत खाता खोलकर इसका फायदा …
मुरादाबाद। डाकघर के बचत खाताधारकों को बड़ी सहूलियत मिलेगी, अब डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) योजनाओं के जरिए पैसा आसानी से ट्रांसफर हो जाएगा। इससे बचत खाताधारकों खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के रहने वालों को आसानी होगी। उन्हें पैसे भेजने के लिए बैंकों का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। अपने निकटवर्ती डाकघर में बचत खाता खोलकर इसका फायदा उठा सकते हैं।
- एटीएम के लिए कोई चार्ज नहीं, मेंटीनेंस शुल्क भी नहीं देना होगा
- बचत खाते पर बैंक से अधिक डाकघर में ब्याज
बैंकों की तरह डाकघरों के बचत खातों में एनईएफटी सेवा शुरू हो गई है। आईएफसी कोड भी उपलब्ध कराया गया है। इससे डाकघर व बैंक अब जुड़ गए हैं। अब डाकघर में अपना बचत खाता रखने वाले इंटरनेट बैंकिंग के साथ मोबाइल बैंकिंग सुविधा भी पा सकते हैं। नई व्यवस्था में डाक विभाग के बचत बैंक खातों में लाभार्थियों को धनराशि अंतरित करने में आसानी होगी। इन डाकघरों में धन निकासी सीधे डाकघर बचत खाते से भी की जा सकती है। साथ ही दूसरे बैंक खाते में भी पैसा एनईएफटी के माध्यम से भेजा जा सकता है। चेक डालकर उसके क्लीयरेंस का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जहां बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं, उन ग्रामीण इलाकों में किसानों व अन्य लोगों को डाकघर से डीबीटी के जरिए पैसा मिल जाएगा। डाकघर व बैंक आपस में भी लेनदेन संभव हो सकेगा।
प्रवर अधीक्षक डाक मंडल वीर सिंह का कहना है कि अब डाकघर में बचत खाते में बैंकों की तरह और कई मामले में उससे बेहतर सेवा मिल रही है। अब डाकघर के बचत खाते में एनईएफटी के जरिए एक शाखा से दूसरे या उसी शाखा में ही अंतरित हो जाएगा। डाकघर से बैंक के खाते में भी पैसा ट्रांसफर करने की सुविधा मिलेगी। यही नहीं बचत खाते पर एटीएम कार्ड की भी सुविधा बिना किसी वार्षिक मेंटीनेंस शुल्क और मासिक चार्ज के दिया जा रहा है। ब्याज भी बैंक से अधिक मिल रहा है। इस सुविधा के प्रयोग के लिए खाताधारक को आवेदन करना होगा।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: फूड बैंक व नागरिक सेवा समिति द्वारा लगाए गए शिविर में 100 मरीजों की हुई निशुल्क जांच
