टनकपुर: नेपाल के कैसिनो में हर रोज लाखों रुपए लूटा रहे हैं भारतीय लोग

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

देवेन्द्र चन्द देवा, टनकपुर। भले ही चम्पावत पुलिस प्रशासन के निर्देशन पर सीमा क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान नेपाल को निर्धारित धनराशि के अलावा अधिक ले जा रहे धनराशि के एवज में उनके खिलाफ कार्यवाही की जा रही हो, लेकिन नेपाल में कैसिनो में जुए खेलने जा रहे भारतीय लोगों की धरपकड़ के लिए …

देवेन्द्र चन्द देवा, टनकपुर। भले ही चम्पावत पुलिस प्रशासन के निर्देशन पर सीमा क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान नेपाल को निर्धारित धनराशि के अलावा अधिक ले जा रहे धनराशि के एवज में उनके खिलाफ कार्यवाही की जा रही हो, लेकिन नेपाल में कैसिनो में जुए खेलने जा रहे भारतीय लोगों की धरपकड़ के लिए कोई विशेष पहल नहीं की जा रही है। दरअसल बनबसा सीमा से हर रोज नेपाल में जुआ खेलने के लिए कैसिनो में लाखों रुपए सीमा क्षेत्र से लोग ले जा रहे हैं लेकिन इसमें पुलिस प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।

चम्पावत के पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर भारत-नेपाल सीमा पर प्रतिबन्धित सामानों व निर्धारित सीमा से अधिक की धनराशि ले जाने वाले लोगों पर कार्यवाही के लिए विशेष निर्देश दिये गये। इस संबंध में अभी ताजा घटना के क्रम में चौकी शारदा बैराज बनबसा, थाना के पास से वाहन फॉर्च्यूनर नंबर HR-34D-8619 में सोनम पुत्र सिम्मी निवासी सियाल रोड मनाली कुल्लू,हिमाचल प्रदेश और रमेश श्रेष्ठा पुत्र रतन श्रेष्ठा ग्राम मसाला कुल्लू,हिमाचल प्रदेश के कब्जे से भारत से नेपाल को ले जाते हुए 6 लाख रुपए बरामद किये गये। दोनों से उक्त धनराशि के सम्बन्ध में वैध कागजात दिखाने को कहा गया तो वे कोई कागजात नही दिखा पाये। दोनों को मय धनराशि व वाहन के अग्रिम वैधानिक कार्यवाही के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द किया गया।

महेंद्रनगर कैसिनो में हर रोज लाखों रुपए लूटा रहे भारतीय
टनकपुर। भले ही बनबसा पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश के दो लोगों से नेपाल जाते समय 6 लाख रुपए की बरामदगी की है, लेकिन हर रोज लाखों रुपए नेपाल के महेंद्रनगर जिला कंचनपुर में खुले दो कैसिनो में भारतीय लोग लूटा रहे हैं। पिछले लंबे समय से नेपाल के महेंद्रनगर में दो कैसीनो संचालित हो रहे हैं। इन कैसिनो में हर रोज बनबसा सीमा से भारतीय लोग लाखों रुपए आसानी से ले जा रहे हैं। गौरतलब है कि बनबसा सीमा में पुलिस चौकी के साथ कस्टम, एसएसबी व अन्य सुरक्षा एजेंसी भी तैनात है लेकिन भारत से यह लोग जुआ खेलने के लिए नेपाल कैसिनो में लाखों रुपए लेकर आसानी से गुजर जाते हैं। यह लोग सुरक्षा एजेंसी की नजरों में हमेशा हर रोज बच कर निकल जाते हैं। नेपाल में कैसीनो में जुआ खेलने के लिए भारत से लोग टनकपुर, बनबसा खटीमा, चम्पावत, जनपद पिथौरागढ़, उधमसिंह नगर,नैनीताल के अलावा के साथ देहरादून, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी यहां पहुंच रहे हैं।

भारत नेपाल के लिए 25हजार सीमा है निर्धारित
टनकपुर। भारत और नेपाल देश के लिए पूर्व में बनी सहमति के अंतर्गत एक दूसरे देश में 25 हजार रुपए सीमा तक ही लोग धनराशि ले जा सकते हैं। इससे अधिक धनराशि ले जाने पर उनके खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। वहीं कई लोग पकड़ में ना आने के कारण आसानी से निर्धारित धनराशि से अधिक ले जा रहे हैं।

भारतीयों को रिझाने के लिए दी जा रही पर्याप्त सुविधाएं
टनकपुर। पड़ोसी देश नेपाल सीमा से लगे क्षेत्र में दर्जनों कैसीनो स्थापित किए गए हैं। इन कैसिनो में नेपाल को छोड़कर अन्य देशों के लोगों को लुभाने के लिए कई प्रलोभन दिए जाते हैं। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से लगे सीमाओं में स्थापित नेपाल के इन कैसिनो में कैसिनो के संचालकों द्वारा भारतीय ग्राहकों को सीमा के अंदर लाने के लिए निशुल्क वाहनों की सुविधा, कैसिनो में खाने के साथ शराब और उनके ठहरने की भी निशुल्क व्यवस्था की जाती है। यही नहीं मनोरंजन के नाम पर डांस का भी आयोजन किया जा रहा है। नेपाल में बने कैसिनो में नेपाल के लोग यहां जुआ नहीं खेल सकते हैं। हां इतना जरूर है कि कैसिनो के अंदर भारतीय व अन्य विदेशियों को सेवा देने वाले कर्मचारी नेपाल के ही रखे जाते हैं।

भारत नेपाल सीमा में हर समय सुरक्षा एजेंसियों द्वारा भारत और नेपाल से आने जाने वाले लोगों की विशेष चेकिंग की जाती है। एक दूसरे देश में आने जाने के लिए 25हजार रूपये ले जाने के लिए निर्धारित की गई है। नेपाल में कैसीनो खेलने के लिए जा रहे भारतीय लोगों पर भी सीमा में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है। निर्धारित धनराशि से अधिक ले जाने पर किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। इस संबंध में सीमा पर सुरक्षा एजेंसी को विशेष दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
– देवेन्द्र पींचा, पुलिस अधीक्षक, चम्पावत

संबंधित समाचार