फर्रुखाबाद: जहां मिला था प्रेमी का शव, वहीं घायल मिली प्रेमिका, हालत गंभीर
फर्रुखाबाद। दस दिन पूर्व जहां प्रेमी का शव रेलवे लाइन किनारे मिला, वहीं कुछ दूरी पर रविवार सुबह प्रेमिका घायल हालत में पड़ी मिली। हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल से लखनऊ रेफर दिया गया है। एसपी, एएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। युवती के घर में कोई नहीं मिला। फतेहगढ़ कोतवाली के …
फर्रुखाबाद। दस दिन पूर्व जहां प्रेमी का शव रेलवे लाइन किनारे मिला, वहीं कुछ दूरी पर रविवार सुबह प्रेमिका घायल हालत में पड़ी मिली। हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल से लखनऊ रेफर दिया गया है। एसपी, एएसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। युवती के घर में कोई नहीं मिला। फतेहगढ़ कोतवाली के भोलेपुर क्षेत्र में रहने वाली एक युवती रविवार सुबह नेकपुर में रेलवे लाइन किनारे घायल अवस्था में पड़ी मिली।
उसके सिर और हाथ-पैरों में चोटें थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर फतेहगढ़ कोतवाल सचिन कुमार मौके पर पहुंचे और युवती को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल भेजा। एसपी अशोक कुमार मीणा ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। एएसपी अजय प्रताप सिंह ने लोहिया अस्पताल पहुंच कर डॉक्टरों से युवती की हालत के संबंध में जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य के लिए नमूना लिए।
युवती की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया। एसपी ने युवती की सुरक्षा के लिए उसके साथ एक दरोगा और एक महिला सिपाही को भेजा है। युवती के घर में पुलिस को कोई नहीं मिला। सभी लोग फरार थे। पुलिस ने छत पर चढ़कर जांच पड़ताल की। इसी युवती के प्रेमी मोहल्ला नेकपुर कलां निवासी सूरज का शव 30 सितंबर को रेलवे लाइन किनारे पड़ा मिला था।
हत्या कर उसे फेंका गया था। सूरज की मां ने पांच नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अभी तक आरोपी नहीं पकड़े गए हैं। सूरज की हत्या किस कारण की गई थी, इसका पुलिस अभी खुलासा नहीं कर पाई है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-वाराणसी: प्रेमिका के घर पकड़ा गया प्रेमी, लड़के पर बनाया गया शादी का दबाव
