इटावा: नालियों में भरा गंदा पानी, डेंगू के खतरे में है 50 हजार की आबादी
इटावा, अमृत विचार। शहर के लाइनपार इलाके के करीब एक दर्जन मोहल्लों में बसी 50 हजार की आबादी को डेंगू के डंक का डर सता रहा है। इन मोहल्लों में जगह जगह नालियों में गंदा पानी भरा हुआ है। जल निकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में गली मोहल्लों में मच्छरों का बसेरा …
इटावा, अमृत विचार। शहर के लाइनपार इलाके के करीब एक दर्जन मोहल्लों में बसी 50 हजार की आबादी को डेंगू के डंक का डर सता रहा है। इन मोहल्लों में जगह जगह नालियों में गंदा पानी भरा हुआ है। जल निकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। ऐसे में गली मोहल्लों में मच्छरों का बसेरा है। पिछले साल इन मोहल्लों में व्यापक तौर पर डेंगू फैला था। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग और पालिका प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया है। एतिहायत के तौर पर फागिंग, चूना का छिड़काव और नियमित सफाई की ओर किसी का ध्यान नहीं है। ऐसे में यहां के वाशिंदों को फिर से डेंगू का डर सताने लगा है।
इटावा शहर दो हिस्सों में बसा हुआ है। लाइनपार क्षेत्र के रामनगर, विजयनगर, अड्डा गूलर, तुलसी का अड्डा, न्यू तुलसीनगर, कोकपुरा शाला, यदुवंशनगर, शकुंतला नगर, नई मंडी के पास का क्षेत्र करीब एक दर्जन मोहल्ले ऐसे हैं जहां आज भी जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी वहीं नालियों में भरा रहता है। गंदगी के कारण दिन भर मच्छर भिनभिनाते रहते हैं। शहर में स्वच्छता अभियान भी चल रहा है।
वहीं विजय नगर वार्ड में विजय नगर चौराहे के पास वाली पहली गली डेंगू के मच्छरों की नर्सरी बनती जा रही है। गली के बाहर ही कई दिनों से टूट रहे एक निर्माणाधीन मकान का ठोस मलबा नालियों में गिरकर नालियों के बहते पानी को पूरी तरह से अवरुद्ध कर चुका है। साथ ही कुछ दुकानदारों ने भी दुकान के सामने ही नाली में ईंटें भर रखी है।जिससे गंदा पानी कई दिनों से नालियों की निकासी मार्ग के दोनों तरफ ही ठहरा हुआ है। संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। हालात इतने बदतर हो चुके है कि गंदा बदबूदार पानी नालियाँ चोक होने के कारण वापस लोगो के घरों में ही घुस रहा है।
मोहल्ले के डा आशीष ने लोगों से अपील की कि नालियों में कोई भी पॉलिथीन या ठोस कूड़ा कचरा न डालें। साथ ही घर मे गीला और सूखा कूड़ा अलग अलग करके ही उसका सुरक्षित जगह पर समुचित निस्तारण करें। जिला मलेरिया अधिकारी नीरज दुबे ने बताया कि संचारी रोग अभियान के अंतर्गत मोहल्लों में दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-बरेली: परचून की दुकान पर बिक रही थी शराब, आबकारी विभाग ने रंगे हाथ धरा
