बहराइच : कूड़े के ढेर में जला दी सरकारी दवाएं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर में दिखी लापरवाही
अमृत विचार, बहराइच। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर परिसर में भारी मात्रा में दवाइयां कूड़े के ढेर में जला दी गई हैं। जबकि आम आदमी सरकारी दवा के लिए भटकता रहता है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी दवा खराब होने की बात कह रहे हैं।
जिले के सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों को एक तरफ दवा नहीं मिलती है तो वहीं दूसरी ओर सरकारी अस्पताल में रखीं रखीं दवाएं खराब हो रही हैं। एक सप्ताह पूर्व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर में कूड़े के ढेर में काफी मात्रा में दवाएं मिली थी। अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था।
वहीं मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर में स्थित परिसर में काफी मात्रा में दवाएं जला दी गई। जिसमें विटामिन डी, अल्प्रजोलम और पैड समेत अन्य दवाएं शामिल हैं। इसको लेकर स्वस्थ्य विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में अधीक्षक डॉक्टर एनके सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि दवाइयां खराब हो गई थीं। जिसके चलते उसे किसी ने जलाया है। इसकी जानकारी ली जा रही है।
