चित्रकूट : भाजपा नेता ने कैबिनेट मंत्री के भाई पर लगाए गंभीर आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसपी को भेजा शिकायती पत्र, प्रधानपति ने कहा-आरोप गलत

अमृत विचार, चित्रकूट। भाजपा नेता और पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश चंद्र शुक्ला ने अपना दल के कार्यवाहक अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के बड़े भाई लौरी निवासी अरुण कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने गांव के निवासी रामराज के एसपी को लिखे पत्र का हवाला देते हुए इऩकी जांच की मांग की है।

उधर, अरुण कुमार ने भी रमेश चंद्र पर पलटवार करते हुए उनको आपराधिक प्रवृत्ति का बताया है। कहा कि इनका आपराधिक इतिहास है और यह रामराज के साथ अवैध कामों में लिप्त हैं। जो भी आरोप लगाए गए हैं वे गलत हैं और उनकी प्रधान पत्नी ने अपने दायित्वों को पूरा करते हुए प्रशासन से शिकायत की और इन मामलों के प्रमाणिक दस्तावेज उनके पास हैं। 
 
भाजपा नेता रमेश चंद्र शुक्ला, जो भाजपा मजदूर महासंघ के पूर्व विभाग अध्यक्ष, श्रम प्रकोष्ठ के पूर्व सह संयोजक भी हैं, ने एसपी को भेजे पत्र में लौरी निवासी रामराज पुत्र कामता प्रसाद के पत्र का हवाला दिया है। कहा है कि रामराज ने एसपी को भेजे पत्र में प्रधानपति लौरी अरुण कुमार सिंह उर्फ मुन्ना के कथित आतंक की बात कही है। गौरतलब है कि रामराज ने एसपी को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि अरुण कुमार का आतंक चरम पर है और उसके खिलाफ कोई भी अपनी जुबान खोलने से डरता है।

 रामराज ने गांव निवासी अनुसूचित जाति की महिला बुधिया का घर जेसीबी लगवाकर गिरवाने और हबीब की कास्तकारी जमीन पर मिट्टी डलवाकर सड़क बनवाने का आरोप अरुण कुमार पर लगाया है। इसके अलावा रामराज ने आटोरिक्शा चालकों से बेगारी कराने, हफ्ता वसूली कराने, अवैध पट्टा कराने आदि के आरोप भी प्रधानपति पर लगाए हैं।

यह भी कहा है कि शिकायत करने पर कैबिनेट मंत्री की धमकी दी जाती है, जिससे अधिकारी डरते हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि अरुण कुमार सिंह के खिलाफ बहिलपुरवा, कर्वी, मानिकपुर थानों में संगीन अपराध दर्ज हैं। उन्होंने एसपी से इन आरोपों की जांच की मांग की है। 

प्रधानपति ने बिंदुवार दिए आरोपों पर जवाब

उधर, प्रधानपति अरुण कुमार सिंह ने भाजपा नेता के सभी आरोपों का बिंदुवार जवाब दिया। उन्होंने बताया कि बुधिया द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था। उनकी पत्नी ने इसकी जानकारी प्रशासन को दी थी और प्रशासन के निर्देश पर ही कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि दस फुट की जगह अब भी इस महिला ने तीन फुट का ही रास्ता दिया।

उन्होंने भाजपा नेता रमेश चंद्र पर आरोप लगाया कि उन्होंने एक मामले में एक परिवार की दो बेटियों की जगह एक की फर्जी वसीयत कराई और जमीन औनेपौने दामों में खरीद ली। लोखरी गांव में अवैध कब्जा कर रखा है। बताया कि इनकी बहू ने प्रधानी का चुनाव लड़ा था और इसमें हार की खुन्नस भी इनको है। अहिरनपुरवा में दो मार्गों पर भी कब्जा करने का आरोप लगाया।

उन्होंने यह भी कहा कि रामराज और रमेश चंद्र शुक्ला मिलकर अवैध काम में लिप्त हैं। रमेश चंद्र शुक्ला का आपराधिक रिकार्ड भी है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी ने प्रधान पद के दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रशासन को जानकारी दी है। जो भी कार्रवाई हुई है, प्रशासन ने की है और उनके पास सबके सरकारी दस्तावेज भी हैं।

संबंधित समाचार