अमरोहा: धनौरा में ट्रेन से कटकर युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, मंडी धनौरा। गजरौला-नजीबाबाद रेल लाइन पर चुचैला कलां हाल्ट स्टेशन के पास रविवार की सुबह एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक को मानसिक रूप से परेशान होने के चलते ऐसा कदम उठाने की बात कही है। युवक बिजनौर के शिवाला कलां का रहने वाला था।  

रविवार सुबह करीब नौ बजे गजरौला-नजीबाबाद रेल लाइन पर चुचैला कलां हाल्ट रेलवे स्टेशन के निकट जनपद बिजनौर के थाना शिवाला कलां के गांव पहाड़पुर कलां उर्फ मलेशिया निवासी 25 वर्षीय युवक सतेंद्र पुत्र जोगिंद्र सिंह की ट्रेन से कटकर मौत हो गई।

ट्रेन के चालक ने इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल को दी। कंट्रोल से मैसेज जारी होते ही धनौरा जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची। मामला से धनौरा थाना पुलिस को घटना से अवगत कराया गया। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में ले लिया और युवक की शिनाख्त कराने के बाद परिजनों को सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो युवक ट्रेन के आगे कूदा था। उधर मौके पर पहुंचे परिजनों ने भी युवक की मानसिक हालत सही नहीं होने की बात कही है। धनोरा कोतवाल विनय कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। युवक की शिनाख्त हो गई है। कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया युवक के आत्महत्या की बात सामने आई है।