बांदा :  अयांश के पिता ने एसपी से उच्च स्तरीय जांच की लगाई गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बांदा । तकरीबन एक सप्ताह पूर्व तिंदवारी कस्बे में घर के बाहर से पांच वर्षीय बालक लापता हो गया था। बाद में उसका शव तालाब में पाया गया। पिता ने हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका व्यक्त करते हुए सोमवार को एसपी को शिकायत पत्र सौंपकर मांग की है कि प्रकरण को तिंदवारी थाने के हटवाकर उच्च स्तरीय जांच करवाई जाये। प्रदेश के जशक्ति मंत्री के निर्देश पर एसपी ने जांच टीम गठित करने के साथ ही पोस्टमार्टम की फोरेंसिक जांच करवाये जाने का आश्वासन दिया है।

तिंदवारी कस्बा के मोहल्ला भगवती नगर निवासी संतोष साहू ने पुलिस अधीक्षक अभिनंदन को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि उसका पुत्र अयांश विगत 13 नवंबर को अपने घर के दरवाजे से गायब हो गया था, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई थी साथ ही इस संबंध में मुकदमा भी पंजीकृत कराया गया था।

वे पुलिस, परिजनों और क्षेत्रवासियों के साथ लगातार पुत्र अयांश की खोजबीन करते रहे। बाद में 17 नवंबर को उसके बेटे अयांश का शव मदरसे के बगल में स्थित लालाब में संदिग्धावस्था में मिली। आशंका जताई कि ऐसा प्रतीत होता है कि उसके पुत्र की हत्या करने के बाद शव तालाब में फेंका गया है।

उन्होंने मांग की है कि उसके पुत्र के प्रकरण की जांच स्थानीय थाने से हटाकर सक्षम अधिकारी की देखरेख में क्राइम ब्रांच से उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनाकर निष्पक्ष तरीके से कराई जाये। इसके साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही भी करवाई जाये।

उधर, प्रदेश सरकार के जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ने उच्चाधिकारी की अध्यक्षता में जांच टीम गठित करने तथा पोस्टमार्टम की फोरेंसिक जांच कराए जाने के लिये आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।