बाराबंकी: डीएम और एसपी कार्यालय के पास लगे पीएनबी के एटीएम को काटकर चोरी का प्रयास
अमृत विचार, बाराबंकी। शहर कोतवाली अंतर्गत डीएम व एसपी कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम को बेखौफ चोरों ने अपना निशाना बनाया। लेकिन आसपास लोगों की चहल-पहल को देखकर शातिर चोर भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
सोमवार की देर रात शहर कोतवाली के सिविल लाइन जाने वाली मुख्य सड़क पर जिला कलेक्ट्रेट के सामने व एसपी कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम को शातिर बेखौफ चोरों ने अपना निशाना बनाया। लेकिन आसपास हुई चहल कदमी से डरे हुए चोर गैस कटर व अन्य सामग्री एटीएम में छोड़कर भाग गए।
जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बेखौफ चोरों की धरपकड़ तेज कर दी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली संजय मौर्या ने बताया कि देर रात चोरों ने एटीएम को अपना निशाना बनाया था। लेकिन पुलिस की गश्त के चलते वह अपनी प्लानिंग में सफल नहीं हो सके और चोरी का सामान मौके पर छोड़कर भाग खड़े हुए।
