खाद की किल्लत, किसान परेशान, महिलाएं, बच्चे लगे हैं लाइन में: अभय सिंह चौटाला
चंडीगढ़। हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव और ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा है कि किसानों को खाद मुहैया कराने के कृषि मंत्री के दावे झूठे और खोखले साबित हुए हैं। चौटाला ने बुधवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि पहले डीएपी और उसके बाद अब यूरिया की किल्लत के कारण किसान बेहद परेशान है और जो थोड़ा बहुत खाद उपलब्ध है उसे लेने के लिए महिलाओं और बच्चों तक को लाइनों में लगना पड़ रहा है। हालात इतने बदतर हो गए हैं कि खाद बांटने के लिए पुलिस को पहरा देना पड़ रहा है ऊपर से खाद के साथ किसानों को कीटनाशक दवा जबरदस्ती दी जा रही है।
ये भी पढ़ें- त्रिपुरा में विस चुनाव की तैयारी शुरू, निर्वाचन आयोग ने की बैठक
उन्होंने दावा किया कि हर साल जानबूझकर खाद की किल्लत पैदा की जा रही है। किसान धरना-प्रदर्शन करने पर मजबूर हैं। किसानों ने खेतों में गेहूं, जौ, चना, सरसों और ग्वार की फसलों की बुआई की है और गत करीब दो हफ्ते से यूरिया के लिए दुकान और पैक्स के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन दुकानों में खाद उपलब्ध नहीं है। उन्होंने सरकार से किसानों के लिये यूरिया खाद तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की।
ये भी पढ़ें- ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जरिये हम वोट मांगने नहीं निकले हैं : दिग्विजय सिंह
