बांदा : शिक्षा के क्षेत्र में छू रहे शिखर, पतन के रास्ते खोल रही संस्कारहीनता
अमृत विचार,बांदा। बामदेव ग्रुप इंडिया होम सॉल्यूशन ने जनपद के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और समाजसेवियों को सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में जिस तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, उसी तेजी से उनमें संस्कारों का पतन हो रहा है। विद्यार्थियों में संस्कारों की कमी भारत के विश्व गुरू बनने की राह में रोड़ा बन सकती है।
डांड़िन पुरवा में जनपद के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्तम कार्य करने के लिये विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में काम करने वाले समाजसेवियों का मंचासीन अतिथियों ने शॉल, श्रीफल और शील्ड देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज के प्रचार्य मुकेश यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि गरीबों के पास आवास की विशेष समस्या थी।
ऐसे में दिनेश कुमार निरंजन ने साहस दिखाते हुए आवासीय प्लॉट और भवन प्रदान कर इस काम में पहल कर समाज को एक नई दिशा देने का काम किया है। कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार बहुत जरूरी हैं। इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक बुंदेलखंड किसान मजदूर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जनउद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष एवं समाजसेवी दिनेश कुमार निरंजन ने बताया कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में एमपी के टीकमगढ़ में दो दशक तक काम किया है। इसके बाद समाजसेवा और पत्रकारिता की।
आज सर्वाधिक अंक पाने वाले 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने अवसर मिला। कार्यक्रम के सम्मानित अतिथि संतोष गंगेले कर्मयोगी ने कहा कि वर्तमान में शिक्षा के क्षेत्र में तो विद्यार्थी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन इस बीच संस्कारों का तेजी से पतन हो रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता ने कहा कि दिनेश कुमार निरंजन का यह कार्यक्रम समाज को नई दिशा देने का काम करेगा। आंगनबाड़ी संघ की जिलाध्यक्ष किरण सेठी ने कहा कि इस तरह का विशाल कार्यक्रम जनपद व क्षेत्र के लिये उदाहरण बनेगा। कार्यक्रम का सफल संचालन इंद्रजीत सिंह ने किया। इस मौके पर प्राचार्य के एस कुशवाहा, मेजर मिथलेश पाण्डेय, नृत्य गुरु श्रद्धा निगम,प्रबंधक उमा पटेल आदि मौजूद रहे।
