टनकपुर: भारत-नेपाल लिंक नहर नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन
टनकपुर, अमृत विचार। टनकपुर बैराज स्थित भारत-नेपाल लिंक नहर नियंत्रण कक्ष का मंगलवार को विधिवत उद्घाटन हुआ। साथ ही बैराज के पास ही हर्बल पार्क का भी शुभारंभ किया गया।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एनएचपीसी के कार्यपालक निदेशक क्षेत्र चंडीगढ़ के सुरजीत कुमार संधू ने उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल लिंक नहर कंट्रोल रूम से भारत द्वारा टनकपुर बैराज से नेपाल को सप्लाई की जाने वाली पानी के साथ उस पर नियंत्रण रखा जाएगा।
बाद में उन्होंने टनकपुर बैराज के पास ही एनएचपीसी द्वारा बनाए गए हर्बल पार्क का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यहां हर्बल पार्क बन जाने से क्षेत्र के लोगों के साथ साथ पड़ोसी देश नेपाल स्थित सिद्धनाथ मंदिर को आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के अलावा नेपाल के लोगों को बैठने और देखने की भी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान एनएचपीसी के महाप्रबंधक मदन लाल, सीनियर मैनेजर वीपी सिंह, सहायक प्रबंधक अखिलेश मौर्य, ठेकेदार राघवेश कुमार समेत तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
