लखनऊ : बहराइच रोडवेज दुर्घटना में घायलों को परिवहन निगम की तरफ से दी गई सहायता राशि
अमृत विचार, लखनऊ। लखनऊ से बहराइच जा रही रोडवेज बस दुर्घटना में घायलों को परिवहन निगम की ओर से सहायता राशि वितरित की गई है। परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर के निर्देश पर घटना में गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को 5-5 हजार रुपये और एक यात्री को 2 हजार रुपये की सहायता राशि क्षेत्रीय प्रबंधक देवीपाटन रीजन की ओर से प्रदान किया गया है।
इन सभी घायल यात्रियों का उपचार बहराइच जिला अस्पताल में किया जा रहा है। इसमें श्रावस्ती निवासी कन्हई लाल आयु 25 वर्ष, नेपाल निवासी दुर्गा उर्फ शिवा आयु 35 वर्ष, धनीराम आयु 40 वर्ष, सीतापुर निवासी राम प्रकाश आयु 39 वर्ष है। नेपाल निवासी विशाल आयु 21 वर्ष को 2 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गयी।
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक संजय कुमार ने बताया कि बस में कुल 32 यात्री सवार थे। जिसमे 5 यात्री और ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गयी। उन्होंने बताया कि 10 यात्री जिन्हें मामूली चोटें थीं, को उनका प्राथमिक उपचार कर डिस्चार्ज कर दिया गया। घायलों यात्रियों को उनके गंतव्य स्थानों के लिए निगम की बस में बैठाकर भेजा गया।
परिवहन मंत्री ने व्यक्त की संवेदना
बहराइच रोडवेज हादसे को लेकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतृप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों व घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध करायेगी।
परिवहन मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को जिला प्रशासन बहराइच के साथ बेहतर समन्वय करके घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने के साथ ही उनके गंतव्य स्थल तक पहुंचाने के निर्देश दिये है। मंत्री ने परिवहन विभाग की यात्री राहत योजना के अधीन मृतकों व गंभीर घायलों को सहायता राशि के तत्काल वितरण करा दिया गया है।
