संभल: दर्द से तड़प रहे मरीज को चिकित्सक ने मारे थप्पड़, सीएमओ ने लगाई फटकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। जिला अस्पताल में दर्द से तड़प रहे मरीज को चिकित्सक ने तीन थप्पड़ जड़ दिए और शोर मचाने पर हाथ से उसका मुंह दबा दिया। घटना की शिकायत पर सीएमओ तरन्नुम रजा जांच के लिए अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने जांच के बाद आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही और चिकित्सक को फटकार लगाई। 

कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मिला दौरा खास के वीरेश कुमार की रीड की हड्डी में परेशानी है। इसके इलाज के लिए वह इमरजेंसी वार्ड में भर्ती है। शुक्रवार को उसे अधिक तकलीफ हुई तो वह चीखने लगा। मरीज की मां सोनिया देवी ने बताया कि इस दौरान चिकित्सक चमन प्रकाश मौजूद थे।

उन्होंने वीरेश कुमार को तीन थप्पड़ मार दिए और मुंह दबा दिया। चिकित्सक को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने परिजनों को भी धक्का देकर भगा दिया। इसके बाद मरीज की मां ने घटना की शिकायत सीएमएस डॉ. अनूप अग्रवाल से की तो अस्पताल प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश लगा।

तभी सीएमओ को जानकारी दी गई। इस पर सीएमओ डॉ. तरन्नुम रजा अस्पताल पहुंच गईं। उन्होंने जांच कर आरोपी चिकित्सक पर कार्रवाई करने का आश्वासन मरीज के परिजनों को दिया है।

घटना की जांच की जा रही है। पीड़ित और चिकित्सक दोनों का पक्ष सुना गया है। हालांकि अभी जांच के बिना किसी दोषी नहीं ठहराया जा सकता। हो सकता है कि मरीज उपचार के दौरान बाधा पहुंचा रहा हो। इसलिए चिकित्सक ने मरीज को उपचार देने की नीयत से ऐसा किया हो, तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। डा. तरन्नुम रजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी

संबंधित समाचार