आजम के गढ़ में घुसकर सेंधमारी करने में कामयाब रही भाजपा, तमाम नसीहतें देकर भी 'खां' नहीं रोक पाए मुस्लिम वोटों का बिखराव

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

उपचुनाव के नतीजे 2024 के लोकसभा चुनाव को कर सकते हैं प्रभावित

रामपुर,अमृत विचार। विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने आजम खां के अभेद किले में घुसकर ऐसी सेंधमारी की जिससे आजम का वोट रूपी किला भरभराकर ढह गया। शहर के ऐसे इलाके जहां कभी भाजपा को एक भी वोट नहीं मिलता था वहां भी भाजपा ने पहली बार वोट हासिल कर लिए। आजम खां मुस्लिम वोटरों को तमाम नसीहतें देते रहे, लेकिन मुस्लिम वोटों का बिखराव नहीं रोक सके। उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना की जीत से 2024 के लोकसभा चुनाव पर भी असर पड़ सकता है, भाजपा को इस जीत का फायदा मिलता नजर आ रहा है। 

शहर में बूथ नंबर एक अंबेडकर चिल्ड्रन स्कूल डूंगरपुर से लेकर रजा डिग्री कालेज, न्यू प्राइमरी स्कूल आखून खेलान, जमाली जूहा स्कूल, रामपुर नेशनल स्कूल, होलीवे पब्लिक स्कूल जुल्फिकार इंटर कालज, जुल्फिकार बालिका इंटर कालेज, बेबी गार्डन स्कूल, ख्बाजा मेमोरियल स्कूल ऐसे हैं जहां गहन मुस्लिम आबादी है। इस आबादी में भी भाजपा प्रत्याशी को वोट मिले हैं, जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को इस इलाके में 1 से दो वोट तक बमुश्किल मिलते थे। इसी तरह इंदिरा जूहा स्कूल, सिटी जूहा स्कूल पीला तालाब, फिजीकल कालेज, नगर पालिका परिषद भवन, बगीचा एमना, जेल रोड, बेगम बगिया, बजोड़ी टोला, जुम्मा कालोनी, खुशरो बाग, घेरमीर बाज खां, मजार हाफिज शाह, अंगूरी बाग, मकबरा जनाबे आलिया, चौकी रज्जड़, गुइया तालाब और थाना गंज क्षेत्र के इलाके में भी भाजपा ने वोट हासिल कर लिए हैं। यह आजम खां का बड़ा गढ़ कहा जाता है। पंजाबियान, दो महला रोड, घेर तोगा तक भाजपा का कमल चला।

हालांकि साइकिल के वोट अच्छे निकले हैं लेकिन कमल को भी वोट मिले हैं। अब तक के चुनावों में यहां भाजपा को वोट नसीब नहीं होते थे। यही गढ़ हमेशा आजम खां की जीत की वजह होता था। शहर के पुराना गंज, फूटा महल, छीपियान, मिस्टनगंज को छोड़ दिया जाए तो शहर के बाकी हिस्से में आजम खां के अलावा किसी को वोट नहीं मिलता था। लेकिन इस बार इन इलाकों में भाजपा को वोट मिलना बड़े बदलाव का संकेत है।

इलाका मुस्लिम, वोट भाजपा को मिले ज्यादा
शहर के सिटी गर्वनमेंट जूहा स्कूल बूथ नंबर 91 पर भाजपा को 17, सपा को 2, बूथ 92 पर भाजपा को 21, सपा को 4, बूथ 93 पर भाजपा को 37, सपा को 15, बूथ 94 पर भाजपा को 25, सपा को 9 वोट मिले।

हिंदू बाहुल्य इलाके जहां भाजपा को अधिक वोट मिले
बूथ संख्या 452 प्राइमरी स्कूल जौलपुर में भाजपा 558, सपा को 60 वोट मिले, बूथ 448 मढ़ैयान कली में भाजपा को 581, सपा को 25, बूथ 440 अहमदनगर खेड़ा पर भाजपा को 581, सपा को 24, बूथ 439 मिश्रीनगर जनूबी पर भाजपा को 519, सपा को 90, बूथ 430 हरियाल पर 646 भाजपा, सपा 83, बूथ नंबर 428 खजुरिया पर भाजपा को 588, सपा को 207, बूथ 427 राजारामपुर में भाजपा को 449, सपा को 154, बूथ 415 फैजनगर पर 408 भाजपा, 256 सपा को, बूथ 414 चिकना पर भाजपा को 396, सपा को 293, बूथ 413 रायपुर में भाजपा को 524, सपा को 76, बूथ 409 पंजाबनगर में भाजपा को 484, सपा 143 वोट मिले। बूथ 288 बाकर इंटर कालेज में भाजपा को 522, सपा को 79, बूथ 301 बाकर स्कूल भाजपा को 564, सपा को 64 वोट मिले।

ये भी पढ़ें :  रामपुर: आजम खां की 46 साल की सियासत 42 दिन में खत्म, 95 मुकदमों की पैरवी में उलझे रहेंगे

 

 

संबंधित समाचार