Kanpur में शहर कांग्रेस अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने कहा- स्मार्ट सिटी के हर प्रोजेक्ट में हुआ भ्रष्टाचार
कानपुर के अमृत विचार कार्यालय में शहर कांग्रेस अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी पहुंचे।
कानपुर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी ने कहा कि स्मार्ट सिटी के हर प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि महापौर पद पर कांग्रेस का कब्जा होगा। इसमें काम करने वालों को ही टिकट दिया जाएगा।
कानपुर, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव की तैयारियां सभी दलों ने शुरू कर दी है। वर्तमान में महापौर पद पर भाजपा का कब्जा है। पिछले तीन चुनावों से भाजपा ही यहां जीत रही है। इस बार भाजपा को हराने के लिए न सिर्फ कांग्रेस मजबूत दावेदार की तलाश कर रही है।
बल्कि सपा और बसपा को भी लोकप्रिय और मजबूत चेहरे की तलाश है। कांग्रेस किन मुद्दों के साथ मैदान में उतरेगी, महापौर पद पर जीत के लिए पार्टी ने क्या रणनीति बनाई है आदि मुद्दों पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी से अमृत विचार संवाददाता ने बात की। पेश है बातचीत के अंश…
किन मुद्दों के साथ मैदान में जाएंगे ?
- भाजपा तीन बार से लगातार महापौर पद पर काबिज हो रही है। न तो वर्तमान महापौर के पास कोई विजन है और न ही उसके पूर्व के दोनों महापौर के पास। नगर निगम के हर काम में भ्रष्टाचार हो रहा है। बिना विजन के ही महापौर फैसले लेती हैं। यही वजह है कि आज शहर पानी, गंदगी, सीवर, जलभराव और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है।
स्मार्ट सिटी में तो करोड़ों के काम हो रहे हैं और आप कह रहे हैं विकास नहीं हो है ?
- स्मार्ट सिटी में बड़ी कंपनियां प्रोजेक्ट पास कराकर लाती हैं और काम करती हैं। कोई ऐसा प्रोजेक्ट नहीं होगा जिसमें घोटाला न हो रहा हो। महापौर बताएं कि इन कार्यों की निगरानी के लिए नगर निगम या शासन स्तर पर क्या तंत्र है। स्मार्ट सिटी मिशन सिर्फ धन की बंदरबांट का मिशन बन गया है।
कमजोर संगठन के सहारे कांग्रेस महापौर और पार्षद पद कैसे जीतेगी ?
- आप गलत कह रहे हैं। हमारा संगठन कमजोर नहीं है। हम संगठन के मामले में भाजपा से भी मजबूत हैं। अगर भाजपा का संगठन मजबूत होता तो मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करके भीड़ नहीं जुटाई जाती। शहर में हुई हमारी पार्टी की पदयात्रा में तो बिना बुलाए ही लोग आए। हमारे संगठन की ताकत देख विरोधी भी चकित रह गए थे।
किन मुद्दों के साथ निकाय चुनाव लड़ेंगे ?
- भ्रष्टाचार हमारा मुख्य मुद्दा होगा। नगर निगम से भ्रष्टाचार को खत्म करेंगे। आज बिना पैसे के कोई काम नहीं होता है। हम हर वार्ड का घोषणा पत्र बना रहे हैं। शहर का घोषणा पत्र अलग होगा। भ्रष्टाचार और विकास ही हमारा मुद्दा होगा और हम दावे से कह सकते हैं कि इन मुद्दों के सहारे महापौर पद पर हम काबिज होंगे और पूर्ण बहुमत से नगर की सरकार बनाएंगे।
किन वार्डों में कांग्रेस कमजोर है ?
- पांच से छह वार्डों में हमारी स्थिति पिछले चुनाव में कमजोर थी। वहां स्थिति को मजबूत कर रहे हैं और दूसरे दलों के मजबूत नेताओं को पार्टी से जोड़ रहे हैं। जरूरत पड़ने पर दूसरे दलों से आए नेताओं को हम पार्षद का टिकट देंगे।
टिकट वितरण का पैमाना क्या होगा ?
- टिकट वितरण का पैमाना काम है। जिन्होंने पांच साल पार्टी में काम किया है। पार्टी के कार्यक्रमों में पूरी शिद्दत के साथ शामिल हुए हैं। उन्हें हम तरजीह देंगे। जो पांच साल घर बैठे रहे और अब टिकट मांगने आए हैं उन्हें किसी भी स्थिति में टिकट नहीं मिलेगा।
वर्तमान महापौर की कार्यप्रणाली में आपको कहां कमी दिखती है ?
- महापौर के रूप में प्रमिला पांडेय ने कुछ नहीं किया। उन्होंने सिर्फ बुल्डोजर चलाकर बस्तियों को उजाड़ा है। जहां पानी की जरूरत थी वहां नकली पेड़ लगाए गए। जहां सीवर की समस्या थी और पानी भरपूर मिल रहा था वहां पानी की व्यवस्था की गई। यहां तक कि मेट्रो के ट्रैक बनाने के लिए जिन्हें उजाड़ा गया उन्हें मकान तक नहीं बनाने दिया गया। चट्टे तो हटाए , लेकिन किसी को यह नहीं बताया कि वे लोग चट्टे कहां लगाएंगे।
