UP: छोटे और बड़े सरकार की दरगाह पर घुसपैठियों की तलाश, ताला लगाकर भागे लोग
बदायूं, अमृत विचार। शासन के निर्देश के बाद जिले में रोहिंग्या, बांग्लादेशी और अन्य राज्यों से आए लोगों की तलाश तेज हो गई है। शनिवार को जिला प्रशासन ने दरगाह पर बांग्लादेशियों की तलाश की। लोग अपने कमरों में ताला लगाकर भाग निकले। जिनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कोई भी बाहरी या संदिग्ध व्यक्ति नजर आए तो प्रशासन के इसी अनिवार्य रूप से सूचना दें।
शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल, एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी, सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय पुलिस बल के साथ बड़े और छोटे सरकार की दरगाह पर पहुंचे। दरगाह के पदाधिकारियों को बुलाकर अभियान के बारे में बताया। जिसके बाद वहां के घरों का तलाशी अभियान शुरू किया। वहां मौजूद मिले लोगों से उनके बारे में जानकारी की। दरगाह में रुके हुए सभी लोगों से बारी-बारी से पूछताछ की। साथ ही उनके संबंधी दस्तावेजों की जांच की। उनकी आईडी और पहचान पत्र चेक किया। इसके अलावा दुकान संचालित करने वालों से भी दस्तावेज मांगे।
दरगाह में कई कमरे ऐसे बने थे जहां ताला लगा हुआ था। या तो वहां कोई रहता नहीं, या फिर पुलिस को देखकर भाग गया होगा। वहीं कई लोग ताला लगाकर भाग निकले। कई लोग अवैध रूप से बिजली चला रहे हैं। जानकारी में पता चला है कि दरगाह पर रहने वाले कुछ लोग बाहरी राज्यों हैं तो कोई शहर का निवासी ही है। जो इलाज कराने के लिए दरगाह पर रुके हुए हैं। टीम को दरगाह पर एक क्लीनिक भी मिला। जो काफी समय से बंद बताया जा रहा है। टीम ने बिना पहचान पत्र के रुके हुए लोगों को वापस लौटाया। एसपी सिटी ने अवैध रूप से रह रहे लोगों को जिले से बाहर जाने की चेतावनी दी है। कहा कि अभियान लगातार जारी रहगा। अवैध तरीके से रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सदर कोतवाल संजय सिंह साथ रहे।
