80 हजार लोग, लाखों मोमबत्तियां... 25 दिसंबर को लखनऊ का चर्च बनेगा रोशनी का समंदर, बिशप का भावुक संदेश
लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ और आसपास का ईसाई समुदाय 25 दिसम्बर को क्रिसमस के त्योहार को खुशी और हर्ष के साथ मनाने की तैयारी कर रहा है। क्रिसमस का काल इस साल रविवार 30 नवम्बर 2025 को आगमन काल की शुरुआत के साथ शुरू हुआ। एडवेंट शब्द लैटिन भाषा के एडवेंटूस से आया है। जिसका अर्थ है आगमन, क्रिसमस की तैयारी में चार सप्ताह की प्रार्थनापूर्ण तैयारी, बेथलहेम में प्रभु यीशु मसीह के जन्म उत्सव की तैयारी है।
कई क्रिसमस गतिविधियां हैं जो इस अवसर के खुश और आनंदमय स्वभाव को प्रदर्शित करेंगी। शहर के मुख्य चर्च हजरतगंज स्थित सेंट जोसेफ कैथेड्रल में 24 दिसम्बर को रात करीब 10:30 बजे क्रिसमस कैरल गायन के साथ पवित्र मिस्सा होगा, और इसकी अगुवाई करेंगे लखनऊ के बिशप जेराल्ड जॉन मथियस और अन्य पुरोहित। इस वर्ष पल्ली सदस्य 25 दिसम्बर को मध्यरात्रि पवित्र मिस्सा और दिन के दौरान आयोजित पूजा सेवाओं में भाग लेंगे।
कैथेड्रल परिसर को क्रिसमस लाइट्स, क्रिसमस क्रिब और क्रिसमस स्टार्स से सजाया जाएगा। जो क्रिसमस के खुशनुमा माहौल को दर्शाएगा। हर साल क्रिसमस के दिन सुबह लगभग 10 बजे से रात 10 बजे तक 80 हजार से अधिक लोग चर्च और माता मरियम का ग्रोटो में मन्नत की मोमबत्तियां जलाने और प्रार्थना करने आते हैं।
अन्य कार्यक्रमों में 26 दिसम्बर 2025 को शाम 4:30 बजे शहर के प्रमुख नागरिक और धार्मिक नेताओं के लिए क्रिसमस गेट-टुगेदर है।
अपने क्रिसमस संदेश में लखनऊ के बिशप जेराल्ड मथियस ने कहा कि क्रिसमस में हम शांति के राजकुमार ईसा मसीह के जन्म का जश्न मनाते हैं। यह क्रिसमस हमारे लिए यीशु मसीह द्वारा प्रदान की गई वास्तविक शांति और आनंद लाए जिसकी आज की दुनिया में बहुत आवश्यकता है। उन्होंने इसाई समुदाय से अपील की कि वे क्रिसमस के आध्यात्मिक संदेश की ओर लौटें और इस महत्वपूर्ण पवित्र पर्व का व्यावसायीकरण न करें।
