बरेली: फर्जी वार्ड ब्वाय बनकर बैंक से ले लिया 15.50 लाख का लोन
बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग पर आए दिन योजनाओं में घोटाला या फिर सुविधा शुल्क लेने के आरोप लगते रहते हैं, लेकिन बुधवार को एक अलग तरह का मामला सामने आया। एक युवक ने फर्जीवाड़ा कर खुद को जिला अस्पताल में वार्ड ब्वाय के पद पर तैनात होना बताकर एसबीआई बैंक से 15.50 लाख का लोन ले लिया। जब बैंक ने सत्यापन के लिए विभाग से संपर्क किया तो चला कि यहां इस नाम का कोई युवक कार्यरत ही नहीं है। जिससे बैंक कर्मी भी सकते में पड़ गए हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: वैक्सीनेशन सेंटर पर सन्नाटा, एक दिन में दो लोगों को लग रही वैक्सीन
फर्जी हस्ताक्षर वाली स्लिप भी लगा दीं
एसबीआई की तरफ से मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को पत्र भेजकर सी. बाबू के सत्यापन की मांग की गई। पत्र के मुताबिक, सी. बाबू ने एसबीआई की फरीदपुर शाखा से 15.50 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया है। उसने खुद को जिला अस्पताल का वार्ड ब्वाय बताते हुए लोन लिया था। इसके लिए उसने जिला अस्पताल की छह सैलरी स्लिप भी जमा की थीं। उस पर आरोपी सीएमओ और एडीएसआईसी के फर्जी हस्ताक्षर बना लिए थे, उसने लोन के आवेदन में लिखा था कि 2004 में उसे नौकरी मिली है। जब सैलरी स्लिप सीएमओ कार्यालय के कर्मचारियों ने देखा तो वह हक्के-बक्के रह गए।
सैलरी स्लिप फर्जी थी और उसमें वार्ड ब्वाय का वेतन भी बाबू से अधिक दिखाया गया था। जांच में पता चला है कि इस नाम से कोई वार्ड ब्वाय जिला अस्पताल में नहीं था। इस संबंध में सीएमओ डॉ. बलवीर ने बताया कि जिला अस्पताल से जुड़ा मामला है और बैंक का पत्र उनको एडीएसआईसी कार्यालय भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: भूख हड़ताल ने संविदा कर्मचारी को फिर दिलाई नौकरी
