आगरा: बीजेपी MLA के पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े फायरिंग से मचा हड़कंप, जानिये क्या है मामला
आगरा, अमृत विचार। जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र के राजाखेड़ा मार्ग पर दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया। राहगीर जान बचाकर भागने लगे। यहां भाजपा विधायक के पेट्रोल पंप पर गुरुवार को दिनदहाड़े फायरिंग होने से दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया। दोनों को थाने ले आई। बताया गया है कि बुधवार को एक युवक की मौत हो गई थी। इसी रंजिश के चलते फायरिंग हुई है।
जानकारी के मुताबिक निबोहरा क्षेत्र निवासी जीता पुत्र निहाल सिंह ने बुधवार को अपने दोस्त जितेंद्र सिंह और अन्य युवक के साथ शराब पी थी। रात में जीता की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने जितेंद्र पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है।
गुरुवार दोपहर जितेंद्र पक्ष के लोग विधायक के पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डालने आए थे। इसी दौरान जीता पक्ष के लोग भी आ गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान किसी ने तमंचे से फायरिंग कर दी। इससे दहशत फैल गई। सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है।
ये भी पढ़ें -गौतमबुद्ध नगर: महिला कांस्टेबल के साथ बदमाशों ने की लूटपाट, पुलिस आयुक्त ने थाना प्रभारी को किया निलंबित
