पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के प्रधानमंत्री पर टिप्पणी, अनुराग ठाकुर की कड़ी भर्त्सना

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी की कठोर भर्त्सना करते हुए आज कहा कि भुट्टो को इस निम्न स्तर पर उतरने की बजाय आतंकवाद समाप्त करने पर ध्यान देना चाहिए। ठाकुर ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पाकिस्तानी विदेश मंत्री का बयान बेहद नापाक और शर्मनाक है।

ये भी पढ़ें - चलती कार में आग लगने से सरकारी अध्यापक जिंदा जला, मौत

वर्ष 1971 में भारत के हाथों आज ही के दिन हुई उनकी पराजय का दर्द है जब 93 हजार से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों ने आज ही दिन भारत के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। इनके नाना फूट- फूट कर रोए थे। इन सब के बावजूद पाकिस्तान की धरती आज भी आतंकवाद की पनाहगाह बनी हुई है। पाकिस्तानी सरकार सीधे इसमें संलिप्त है।

आज इनके मंसूबे पूरी दुनिया जानती है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में मोदी सरकार ने लगातार आतंकवाद के खिलाफ सही और कड़ी नीति अपनाकर स्पष्ट परिणाम दिए हैं। इस तरह के बयान किसी भी विदेश मंत्री को शोभा नहीं देते लेकिन ये कोई पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान ने पीठ में छुरा भोंका है। इससे पूर्व भी ये अपनी नीचता का खुला प्रदर्शन करते आये हैं। पाकिस्तान आतंकवाद का जनक, जननी और पनाहगार है।

 ठाकुर ने कहा कि ओसामा बिन लादेन को अमेरिका ने पाकिस्तान में घुस कर मारा। भारत ने भी आतंकवादियों के खिलाफ घुस कर सर्जिकल स्ट्राइक की। आतंकवादियों को मारने कहाँ घुसना पड़ता है, सब को पता है। पाकिस्तान इससे अपना मुंह नहीं छुपा सकता है।

उन्होंने कहा, “केवल खराब बयानबाजी कर अगर वो सोचते हैं कि वे अपना पिंड छुड़ा लेंगे, तो ये नहीं होने वाला। बेहतर होगा की पाकिस्तानी विदेश मंत्री अपने यहाँ से आतंकवाद का सफाया करने पर ध्यान दें।”

ये भी पढ़ें - अधिक सुविधाजनक परिवहन के लिए रेलवे को आधुनिक डिजिटल तकनीक अपनानी चाहिए: राष्ट्रपति 

संबंधित समाचार