Quad : पीएम मोदी ने की ऑस्ट्रेलिया, जापान के विदेश मंत्रियों से मुलाकात, जानिए किन मुद्दों पर की बात
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग के साथ दोनों देशों के बीच 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया एक स्वतंत्र, मुक्त, सुरक्षित और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए काम करना जारी रखेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोटेगी से भी मुलाकात की और हिंद-प्रशांत क्षेत्र तथा उसके बाहर शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने में 'भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी' की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
इससे पहले दिन में भारत ने यहां 'क्वाड' देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी की, जिसकी अध्यक्षता विदेश मंत्री एस जयशंकर ने की। इस बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री वोंग और जापानी विदेश मंत्री मोटेगी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री सीनेटर पेनी वोंग का स्वागत करके खुशी हुई। हमने रक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी और आपूर्ति शृंखला को मजबूत बनाने जैसे क्षेत्रों में बढ़ते भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक संबंधों पर चर्चा की। भारत और ऑस्ट्रेलिया एक स्वतंत्र, मुक्त, सुरक्षित और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए काम करना जारी रखेंगे।"
एक अन्य पोस्ट में मोदी ने कहा, "जापान के विदेश मंत्री श्री तोशिमित्सु मोटेगी का स्वागत करके अत्यंत प्रसन्नता हुई। हमने हिंद-प्रशांत क्षेत्र और उससे आगे शांति, स्थिरता और समृद्धि को आगे बढ़ाने में भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।"
इस समूह (क्वाड) को एक नयी गति देने के उद्देश्य से क्वाड ने मंगलवार को आपूर्ति शृंखला में आने वाली बाधाओं को कम करने के लिए ऊर्जा सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिज ढांचे की घोषणा की। इसके साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री निगरानी और बंदरगाह बुनियादी ढांचे को अद्यतन करने के लिए बड़े उपायों की शुरुआत की।
