Lucknow Agra Expressway पर Unnao में तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलटा, चालक की मौत
उन्नाव में सड़क हादसे में एक की मौत।
लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर उन्नाव में तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक की मौत हो गई। जबकि परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी है।
उन्नाव, अमृत विचार। बांगरमऊ कोतवाली अंतर्गत लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर गहर पुरवा गांव के सामने ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में चालक-परिचालक गंभीर घायल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। जबकि परिचालक का इलाज स्थानीय सीएचसी में चल रहा है।
बता दें कि कन्नौज जिला के थाना सौरिख के गांव नगरिया निवासी चालक बिजेंद्र पुत्र सत्यपाल ट्रक में ग्वालियर से पाइप लादकर लखनऊ जा रहा था। ट्रक के केबिन में चालक के साथ इटावा जिला के थाना ऊसराहार के गांव बिलौली निवासी परिचालक जीतू पुत्र महेश चंद्र भी था।
सोमवार भोर घना कोहरा होने से लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर गांव गहर पुरवा के सामने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार ट्रक अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में ट्रक का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया। जिसमें चालक-परिचालक केबिन में फंस गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची यूपीडा रेस्क्यू टीम ने केबिन की खिड़की तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। रेस्क्यू टीम एंबुलेंस से दोनों को स्थानीय सीएचसी लाई। जहां से चिकित्सक ने गंभीर देख चालक बिजेंद्र को जिला अस्पताल भेज दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, परिचालक जीतू का इलाज सीएचसी में जारी है।
ट्रक पलटते ही उसमें लदे पाइप सड़क पर बिखर गए। जिससे उस लेन पर आवागमन अवरुद्ध हो गया। रेस्क्यू टीम ने बिखरे पाइपों को किनारे करवाकर क्रेन से क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाया और आवागमन सुचारु कराया।
