शाहजहांपुर: बहादुरगंज-मंडी पार्किंग स्थलों पर दुकानदारों का कब्जा, कब्जामुक्त कराने के लिए सौंपा ज्ञापन
उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने पार्किंग स्थलों को कब्जामुक्त कराने के लिए नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया
शाहजहांपुर, अमृत विचार। बहादुरगंज और मंडी स्थित रिक्शा स्टैंड पर हो रहे कब्जों को देखते हुए नगर निगम ने वहां दोपहिया वाहनों का पार्किंग स्थल बनवा, अब उस पर कब्जा होने लगा। पार्किंग स्थल को कब्जामुक्त कराने के लिए उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन दिया।
.jpeg)
व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम के नेतृत्व में नगर आयुक्त संतोष शर्मा को दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि बहादुरगंज रिक्शा स्टैंड और मंडी रिक्शा स्टैंड को दो पहिया वाहन स्टैंड के लिए खाली कराया गया था। दोनों स्थलों फिर से अवैध कब्जे कर लिये गए हैं।
जिला महामंत्री सुरेंद्र सिंह सेठ ने कहा कि कोहरे को देखते हुए असामाजिक तत्व अंधेरे का फायदा उठाते हैं। मुख्य बाजारों की रोशनी की समुचित व्यवस्था कराई जाए। जो लाइट बंद है, उसे चालू कराया जाए। महानगर महामंत्री अमित शर्मा ने कहा की मंडी में यूरिनल शीघ्र बनाया जाए। इसके लिए निरीक्षण भी किय जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक यूरिनल का कार्य शुरू नहीं हुआ है।
महानगर अध्यक्ष बाथम ने बताया कि नगर आयुक्त ने ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए तत्काल पार्किंग स्थलों को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए। ज्ञापन देने वालों में कंचन गुप्ता, पंकज टंडन, लकी खां, अशोक गुप्ता, प्रमोद मेहरोत्रा, अभिषेक जायसवाल, लक्ष्मी कांत मिश्रा आदि व्यापारी मौजूद रहे।
