मेरठ: दिल्ली पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया क्रिसमस डे
मेरठ, अमृत विचार। दिल्ली पब्लिक स्कूल, मेरठ की दौराला शाखा में क्रिसमस कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया। इसमें सभी बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 4 व 5 के छात्रों ने किया। कक्षा प्री नर्सरी से पांचवीं तक के छात्रों ने विभिन्न रंगारंग व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें कक्षा तीन के छात्रों ने क्रिसमस के बारे में जानकारी दी और बताया कि क्रिसमस ईसा मसीह के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है।
ये भी पढ़ें- मेरठ : ट्रक की टक्कर से गन्ने से भरी भैंसा बुग्गी पलटी, किसान की दबकर मौत
छात्रों ने क्रमशः हिंदी व अंग्रेजी कविता का वाचन किया। कक्षा 1-2 के छात्रों ने क्रिसमस कैरल प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। तत्पश्चात कक्षा 3-5 के छात्रों ने कई गानों पर नृत्य प्रस्तुत किए। छात्रों की इन उत्साह भरी प्रस्तुतियों ने सभी को मनमोहित कर लिया। इस दिन पूरे विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, घंटियों, क्रिसमस ट्री, संता क्लॉस, स्नोमैन व क्रिसमस की विभिन्न झांकियों से सजाया गया। सभी छात्रों ने अपनी-अपनी कक्षाओं में विभिन्न आर्ट एंड क्राफ्ट गतिविधियों में भाग लिया।
विद्यालय की निर्देशिका अनुमेहा सिंह ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए बताया कि यह त्योहार प्रत्येक वर्ष ईसा मसीह के जन्मदिन के रूप में मनाते हैं। यह एक ऐसा त्योहार है जो पूरे विश्व में बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या शुभ्रा पांडे तिवारी ने बच्चों को बधाई दी और उन्हें बताया कि यह त्योहार प्रेम व सौहार्द की मिसाल कायम करता है। उन्होंने छात्रों को ईसा मसीह द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में संता क्लॉस ने सभी छात्रों को उपहार चॉकलेट टॉफियां बांटी।
ये भी पढ़ें- मेरठ: किसान सम्मान दिवस पर 20 प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित
