Kanpur News : डॉ रिजवान की दी गई सूचनाएं हुईं झूठी साबित, कोलकाता से लेकर वापस कानपुर के लिए रवाना हो गई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Kanpur News कानपुर में बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान को पुलिस ने तीन दिन की रिमांड पर लिया था।

Kanpur News कानपुर में बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान को पुलिस ने तीन दिन की रिमांड पर लिया था। पुलिस उसको कोलकाता ले गई। जहां डॉ रिजवान की दी सूचनाएं झूठी साबित हुई है। रविवार शाम पांच बजे तक रिमांड का समय है।

कानपुर, अमृत विचार। Kanpur News मूलगंज पुलिस द्वारा पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान की पुलिस को तीन दिन की मिली रिमांड के दूसरे दिन कोलकाता पहुंचने के बाद उसके द्वारा बताए गए सारी बातों से पर्दा उठ गया।

अब तक पुलिस को दी गई सूचनाएं झूठी साबित हुई। न ही उसके बच्चों ने वहां से कभी पढ़ाई की और न ही वह और उसका परिवार अपने रिश्तेदारों के साथ कोलकाता में रहा। बैरकपुर में उसके परिवार का एक सिनेमाघर होने की पुष्टि जरुर हुई है।

डॉ रिजवान को लेकर पुलिस टीम सबसे पहले हावड़ा पहुंची उसने यहीं रहने की बात कही थी। वहां उसकी पहचान के दो लोग पुलिस के सामने पड़े जो उसके दूर के रिश्तेदार थे। उनसे पूछताछ के दौरान उन्होंने पुलिस को बताया कि रिजवान कभी हावड़ा में नहीं रहा। वह बहुत छोटे में अपने परिवार के साथ यहां रहता था मगर आजादी के समय परिवार वाले बैरकपुर में शिफ्ट हो गए थे।

टीम रिजवान को लेकर 30 किलोमीटर दूर बैरकपुर ले कर पहुंची। वहां उसके तीन रिश्तेदार मिले उनके बयान पुलिस ने दर्ज किए। उन्होंने भी उसके यहां रहने की बात से इंकार कर दिया। टीम उसे लेकर दा पार्क इंग्लिश स्कूल पार्कस्ट्रीट पहुंची जहां पर उनकी स्कूल प्रबंधन से मुलाकात हुई।

वहां पर डॉ रिजवान के पास से बरामद कागजों की फोटो स्कूल प्रबंधन को दिखाया गया तो उन्होंने भी उसके बच्चों के स्कूल में दाखिला न होने की बात कही। जिससे यह साबित हो गया कि स्कूल की जो टीसी और अंकपत्र पुलिस ने बरामद किए थे वह सब भी फर्जी है।

पूछताछ में दोस्त के बारे में भी नहीं दे सका जानकारी 

पुलिस ने डॉ रिजवान के पास से नशीली गोलियां बरामद की थी जो उसने कोलकाता में अपने दोस्त के यहां स्टॉक रखने की जानकारी दी थी। वह दोस्त के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका। पुलिस भी उसे तलाश नहीं कर पाई है।

डॉ रिजवान से यह हुआ बरामद

पुलिस ने डॉ के पास से हाईस्कूल की मार्कशीट, सीडलिंग्स अकादमी की बेटी रुख्सार की प्रगति रिपोर्ट और एक खाली प्रगति रिपोर्ट का प्रारूप, दा पार्क इंग्लिश स्कूल की दो खाली प्रगति रिपोर्ट का प्रारूप, ब्लू बैल स्कूल की प्रगति रिपोर्ट बरामद की है।

रिमांड खत्म होने से पहले आज जेल में होगा दाखिल

डॉ रिजवान की पुलिस कस्टडी रिमांड रविवार शाम पांच बजे तक है। टीम उसे कोलकाता से लेकर वापस कानपुर के लिए रवाना हो गई। देर रात तक टीम कानपुर पहुंच जाएगी। उसके बाद पूछताछ के साथ रिजवान को जेल में दाखिल करा दिया जाएगा।

 बांग्लादेशी डॉ रिजवान के बारे में एक नजर

- मूलगंज थाना पुलिस ने 11 दिसंबर को बांग्लादेशी नागरिक डॉ रिजवान मोहम्मद को उसकी पत्नी हिना, ससुर खालिद, बेटी रुकसार और एक नाबालिग बेटे के साथ गिरफ्तार किया था।
- दो दिनों बाद पुलिस ने रिजवान के सबसे छोटे बेटे को भी गिरफ्तार कर किशोर संरक्षण गृह भेजा था। पुलिस की जांच में सामने आया कि रिजवान चोरी छिपे वर्ष 2016 में कानपुर में रह रहा था।
- रिजवान ने वर्ष 1998 में मूलगंज निवासी खालिद की बेटी हिना से दिल्ली में निकाह किया था और कोलकाता से चोरी छिपे सड़क मार्ग से पत्नी समेत बांग्लादेश चला गया।
- वहां तीन बच्चों के जन्म के बाद पूरा परिवार वर्ष 2016 में दोबारा बंगाल के रास्ते सीमा पार करके भारत पहुंचा और कानपुर स्थित आर्यनगर पॉश इलाके में इंपीरियर रेजीडेंसी में किराए का फ्लैट लेकर रहने लगा।

संबंधित समाचार