Year Ender 2022: खेलों की दुनिया के यादगार पल, 2 मिनट में जानिए 10 Interesting Facts
नई दिल्ली। साल 2022 खत्म होने में अब कुछ ही दिन बाकी है। लेकिन इस साल खेलों की दुनिया में कई यादगार पल देखने को मिले हैं। आइए जानते हैं साल 2022 में खेल जगत से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के बारे में...!
विराट कोहली ने छोड़ी टेस्ट कप्तानी
विराट कोहली ने जनवरी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार के बाद टेस्ट कप्तानी छोड़ दी थी। देखा जाए तो विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में सबसे सफलतम कप्तान साबित हुए। विराट कोहली ने 68 टेस्ट मैचों में टीम इंडिया कप्तानी की जिसमें से 40 मैचों में जीत दर्ज हुए। वहीं 17 मैचों में भारत को हार का सामना करना पड़ा और 11 मैच ड्रॉ रहे। कोहली की जगह रोहित शर्मा को टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया।

डेब्यू सीजन में ही चैम्पियन बनी गुजरात टाइटन्स
इंडियन प्रीमियर लीग-2022 (IPL 2022) के अपने डेब्यू सीजन में ही कप्तान हार्दिक पांड्या की अगुवाई में गुजरात टाइटन्स ने इतिहास रचा था। 29 मई रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराकर आईपीएल के 15वें सीजन का खिताब अपने नाम किया था।

श्रीलंका की एशिया कप में जीत
श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छठी बार एशिया कप 2022 का खिताब अपने नाम किया था। दुबई में हुए इस फाइनल मुकाबले में दसुन शनाका की अगुवाई वाली श्रीलंका ने पाकिस्तान को 23 रनों से मात दी थी।

इंग्लैंड ने जीता टी20 वर्ल्ड कप
जोस बटलर की अगुवाई में इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरी बार आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2022 का खिताब जीता। मेलबर्न में हुए फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पांच विकेट से मात दे दी।

भारत रिकॉर्ड पांचवीं बार बना अंडर-19 चैंपियन
भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड पांचवीं बार अंडर-19 विश्व कप 2022 का खिताब अपने नाम किया था। नॉर्थ साउंड में खेले गए फाइनल मैच में यश ढुल की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने इंग्लैंड को चार विकेट से पराजित किया। भारतीय टीम इससे पहले 2000, 2008, 2012 और 2018 में भी यह खिताब जीत चुकी थी।
ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड 7वीं बार जीता महिला विश्व कप
ऑस्ट्रेलियाई टीम रिकॉर्ड 7वीं बार आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2022 का खिताब अपने नाम करने में सफल रही थी। क्राइस्टचर्च में खेले गए फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 71 रन से करारी शिकस्त दी।

थॉमस कप में भारत ने लहराया परचम
बैंकाक में खेले गए फाइनल मुकाबले भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने 14 बार की चैम्पियन टीम इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर थॉमस कप खिताब अपने नाम किया था। इससे टीम इंडिया ने 1979 में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।

निकहत ने वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीता गोल्ड
बॉक्सर निकहत जरीन ने वूमेन्स वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडकर रच कर इतिहास रच दिया था। निकहत ने 52 किलोग्राम भारवर्ग में थाईलैंड की जिटपॉन्ग जुटामस को 5-0 से मात देकर यह उपलब्धि हासिल की थी। निकहत जरीन वूमेन्स वर्ल्ड बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली पांचवीं भारतीय महिला बॉक्सर रहीं। भारतीय दिग्गज एमसी मेरीकॉम ने इस चैम्पियनशिप में रिकॉर्ड 6 बार गोल्ड मेडल जीते हैं।

नीरज चोपड़ा का ऐतिहासिक प्रदर्शन
नीरज ने अमेरिका में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता और अंजू के बाद ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बने। वह सितंबर में डायमंड लीग चैम्पियन के फाइनल्स का विजेता बनने वाले पहले भारतीय बने।

कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का दमदार प्रदर्शन
बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने अबकी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल 61 मेडल हासिल किए, जिसमें 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे। इस शानदार प्रदर्शन के चलते भारत ने चौथा स्थान हासिल किया। मेडल टैली में 67 गोल्ड, 57 सिल्वर और 54 ब्रॉन्ज मेडल के साथ ऑस्ट्रेलिया टॉप पर रहा।

