अर्जुन की प्री-वेडिंग में भावुक हुए सचिन तेंदुलकर ... बोले- "बेटा बड़ा हो गया!..."
नई दिल्लीः क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। 5 मार्च को होने वाली इस शादी से पहले प्री-वेडिंग समारोह शुरू हो चुके हैं। अर्जुन की मंगेतर सानिया चंदोक के साथ यह खास मौका अंबानी परिवार ने जामनगर में अपने आवास पर आयोजित किया, जहां दोनों परिवारों ने मिलकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।

मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक दिल छू लेने वाले वीडियो में सचिन की इमोशनल स्पीच कैद हुई है, जो तेजी से वायरल हो रही है। सचिन ने अंबानी परिवार का आभार जताते हुए कहा कि इस जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए इससे बेहतर जगह और बेहतर लोग नहीं हो सकते। उन्होंने मुकेश और नीता अंबानी को धन्यवाद दिया कि उन्होंने इस पवित्र मौके के लिए उन्हें बुलाया।

सचिन ने अपने बेटे अर्जुन के बारे में दिल को छू लेने वाली बात कही – "जब बेटा किसी लड़की को घर लाकर परिचय कराता है, तो समझ आता है कि बेटा बड़ा हो गया है।" उन्होंने जोड़े को "एक-दूसरे के प्यार में पागल" बताया और अर्जुन से कहा, "मुझे तुम पर बहुत गर्व है। तुम्हें कोई इतना खास मिला है, जो तुमसे उतना ही प्यार करता है जितना तुम उससे करते हो।" यह पल परिवार और मेहमानों के लिए बेहद भावुक रहा।
नीता अंबानी ने भी इस अवसर पर गर्मजोशी भरी बातें कीं। उन्होंने याद किया कि दो साल पहले इसी जगह पर उनके बेटे अनंत और बहू राधिका की शादी हुई थी। नीता ने सचिन और अंजलि को परिवार का हिस्सा बताते हुए कहा कि आज उनकी खुशी में शामिल होकर उनका दिल भर आया। अर्जुन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मेरे प्यारे अर्जुन, मैंने तुम्हें हमारे स्कूल में छोटे बच्चे से लेकर आज यहां खड़े होकर जीवन की सबसे खूबसूरत साझेदारी शुरू करने के लिए तैयार होते देखा है।" नीता ने सानिया को गर्मजोशी से स्वागत किया और जोड़े को प्यार, खुशी और सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं।

यह प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन पारंपरिक पूजा के साथ शुरू हुआ, जहां दोनों परिवारों ने मिलकर आशीर्वाद लिया। अर्जुन और सानिया अगले कुछ दिनों में मुंबई में शादी के बंधन में बंधेंगे, लेकिन जामनगर वाला यह पल परिवारों की गहरी दोस्ती और भावनाओं का खूबसूरत उदाहरण बन गया है। सोशल मीडिया पर फैंस इस इमोशनल मोमेंट को खूब शेयर कर रहे हैं।
