प्रीमियम सुविधाओं से लैस होगा नर्मदा अपार्टमेंट, G-20 रोड पर तीन टॉवरों में बनेंगे फ्लैट और पेंट हाउस

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

1.41 करोड़ से 2.8 करोड़ रुपये कीमत, 711 ने कराया पंजीयन

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण का गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4, जी-20 रोड पर बनने वाला नर्मदा अपार्टमेंट प्रीमियम सुविधाओं से लैस होगा। जहां, 300 फ्लैट व 12 पेंट हाउस बनेंगे। 3 बीएचके एवं स्टडी श्रेणी के फ्लैट की कीमत 1.41 करोड़ रुपये और पेंट हाउस की कीमत 2.8 करोड़ रुपये से शुरू होगी। यह फ्लैट तीन टॉवर में बनेंगे। जो 90 मीटर ऊंचे होंगे।

12 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले अपार्टमेंट में जिम, स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप व 500 से अधिक वाहनों की पार्किंग आदि की प्रीमियम सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही लोगों की व्यावसायिक जरूरतें पूरी करने के लिए कॉमर्शियल दुकानें निर्मित की जाएंगी। खरीदारों को प्राइम लोकेशन पर एलडीए का आवासीय प्रोजेक्ट खूब पसंद आया है। 23 फरवरी तक 300 फ्लैट के लिए 688 और 12 पेंट हाउस के लिए 27 लोगों ने पंजीकरण कराया है। प्रत्येक फ्लैट लगभग 2100 वर्गफिट का बनेगा। इसके अलावा पेंट हाउस 4 हजार वर्गफिट क्षेत्रफल के होंगे। फ्लैटों का आवंटन जल्द तारीख घोषित करके लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। प्रोजेक्ट तीन वर्ष में बनकर तैयार हो जाएगा और पांचवें वर्ष के अंदर आवंटियों को कब्जा दिया जाएगा। कनेक्टिविटी और लोकेशन बेहद प्राइम होगी। चंद कदम पर शहीद पथ, इकाना क्रिकेट स्टेडियम, प्लासियो मॉल, पुलिस मुख्यालय आदि प्रमुख स्थल हैं।

संबंधित समाचार