Kanpur News : CSJM University में 95 फीसद मेडिकल छात्रों के नंबर बदले, MBBS स्टूडेंट ने अंकों पर उठाए थे सवाल
कानपुर के सीएसजेएमयू में 95 फीसद मेडिकल छात्रों के नंबर बदले।
कानपुर के सीएसजेएमयू में 95 फीसद मेडिकल छात्रों के नंबर बदले है। इसमें एमबीबीएस स्टूडेंट ने अंकों पर सवाल उठाए थे। कॉपियां रीचेक होने पर छात्रों के 10 से 12 नंबर का इजाफा हुआ है।
कानपुर, अमृ़त विचार। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के 95 फीसद मेडिकल छात्रों के नंबर बदल गए हैं। किसी के 10 तो किसी के 12 नंबरों का इजाफा हुआ है। करीब दो फीसद छात्रों के दो से तीन अंक कम हो गए हैं। विश्वविद्यालय की ओर से 190 छात्र-छात्राओं की कॉपियां दोबारा से जांची गई, जिसके बाद अंकतालिका में परिवर्तन हुआ। नए रिजल्ट को लेकर छात्रों में खुशी है। विश्वविद्यालय की ओर से गुरुवार को परिणाम घोषित किए गए।
सीएसजेएमयू के संबद्ध मेडिकल कॉलेजों में करीब पांच महीने पहले एमबीबीएस की परीक्षाएं आयोजित की गई थी। नतीजे आने पर छात्र-छात्राओं ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कॉपियों का मूल्यांकन सही तरीके से नहीं हुआ है। उनको अधिक नंबर मिलने चाहिए थे। छात्रों ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों से शिकायत कर कॉपियां दोबारा जांचने की मांग की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉपियां रीचेक करने के बाद गुरुवार को परीक्षा परिणाम जारी कर दिया।
रिजल्ट आया तो छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित दिखे। करीब 95 फीसदी छात्र-छात्राओं की अंकतालिका बदल गई हैं। इन सभी के अंकों में परिवर्तन हुआ है। करीब दो फीसद छात्रों के परिणाम में एक या दो अंक की कटौती भी हुई है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि मेडिकल छात्रों की मांग पर दोबारा से कॉपियों की जांच की गई, जिसका परिणाम जारी हो गया है।
